बीसीसीआई के कार्यवाहक अध्यक्ष सीके खन्ना इन दिनों उत्तराखंड के दौरे पर देहरादून पहुंचे हैं। सोमवार को वे क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) के पदाधिकारियों के साथ विजय हजारे ट्रॉफी के मैच देखने भी पहुंचे।
इस अवसर पर सीके खन्ना ने कहा कि यहां बीसीसीआई की नई बॉडी जल्द गठित होनी है। इसके बाद उत्तराखंड के पक्ष में फैसले भी हो सकते हैं। सही मायने में उत्तराखंड को इस समय सहयोग की आवश्यकता भी है, हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि उत्तराखंड के पक्ष में होने वाले फैसले सीएयू की ओर से मजबूत पैरवी पर ही निर्भर करेंगे।
तनुष क्रिकेट ग्राउंड में उत्तराखंड व अरुणाचल प्रदेश का मैच देखने पहुंचे बीसीसीआई कार्यवाहक अध्यक्ष खन्ना ने मैच से इतर पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत की। उन्होंने सीएयू की क्रिकेट गतिविधियों के संचालन पर संतोष जताया और सराहना की।
उन्होंने देहरादून के रायपुर स्टेडियम में आईपीएल मैचों की संभावनाओं पर कहा कि इससे इनकार नहीं किया जा सकता है। यहां आईपीएल मैच भी कराए जा सकते हैं, लेकिन इसके लिए पहले फ्रेन्चाइजी को यहां लाना होगा। इसके लिए हमें देहरादून स्टेडियम में तमाम सुविधाएं भी विकसित करनी होंगी। इसमें थोड़ा समय लगेगा।