वहीं हरिद्वार जिले के झबरेड़ा में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है। वहीं, बताया जा रहा है कि दोनों युवकों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।
मंगलवार रात करीब नौ बजे सरठेड़ी निवासी पिंटू पुत्र देशराज और अंकित पुत्र जय सिंह मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कुंजा बहादरपुर फाटक के समीप पहुंची तो एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसा इतना भयंकर था कि पिंटू की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, टक्कर मारकर चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और मामले की जानकारी ली। साथ ही घायल को अस्पताल में भिजवाया। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष रविंद्र शाह ने बताया कि मामले में अभी तक तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।