मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने आज नैनीताल जिले के लिए एक अरब रुपये से ज्यादा की योजनाओं की घोषणा की। उन्हाेकहा कि जल जीवन मिशन के लक्ष्य और उद्देश्य व जनजीवन पर पड़ने वाले प्रभाव बढ़े हैं। इन लक्ष्यों को साढ़े चार साल में पूरा कर लिया जाएगा। उत्तराखंड सरकार ने राज्य के 20 लाख शौचालयों के सिस्टन में बोतलें डालकर प्रतिदिन एक करोड़ लीटर पानी बचाने का अभियान चलाया जो सफल रहा। इसके अलावा अल्मोड़ा में कोसी नदी के तट पर 1.67 लाख, देहरादून में रिस्पना नदी क्षेत्र में 2.5 लाख व हरेला पर 2.24 लाख पौधे लगाए। एटीआई के निदेशक व मुख्यमंत्री के सचिव राजीव रौतेला ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके 22 प्रदेशों के जल प्रबंधन से जुड़े मुखिया, मुख्य अभियंता, हाइड्रोलॉजिस्ट, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता स्तर के 110 अधिकारी मौजूद थे।
विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले क्षेत्रों तक पहुंचाएं योजना का लाभ
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बृहस्पतिवार को एटीआई सभागार में जल जीवन मिशन योजना के तहत संचालित कार्यो की समीक्षा की। शेखावत ने कहा कि जल जीवन मिशन के कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने राज्य की विषम भौगोलिक परिस्थियों वाले क्षेत्रों तक इस योजना का लाभ पहुंचाने के लिए रणनीति बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2022 तक हर घर में नल और हर नल में जल की परिकल्पना को साकार करने का लक्ष्य रखा है। पेयजल सचिव अरविंद सिंह हयांकी ने कहा कि जल संचय-जीवन संचय योजना के लिए प्रदेश में नैनीताल जिले को चयनित किया था, जिसके तहत जिले में चाल-खाल निर्माण व अन्य उपायों से जनसहभागिता के आधार पर जल संचय का विशेष कार्य किया गया। बैठक में मुख्यमंत्री के सचिव एवं आयुक्त राजीव रौतेला, निदेशक स्वजल उदय राज, अधीक्षण अभियंता पेयजल निगम वीसी पुरोहित, महाप्रबन्धक जल संस्थान डीके मिश्रा, परियोजना अधिकारी स्वजल संतोष उपाध्याय व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम का किया विरोध
वहीं मुख्यमंत्री के पहुंचने से ठीक पहले कांग्रेस ने उनका पुरजोर विरोध किया। कांग्रेस नेता सुमित ह्रदयेश के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम स्थल से कुछ दूरी पर पुलिस ने दर्जनों प्रदर्शनकारी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री वापस जाओ, सस्ती शराब बंद करो, युवाओं को रोजगार देने के नारे लगाए। इस दौरान उन्होंने काले झंडे भी दिखाए।