मौसम विभाग ने अगले चार दिन प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बादल छाये रहने, हल्की से मध्यम बारिश होने और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने का अनुमान जताया है। इसको लेकर मौसम विभाग की ओर से चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही 25 सौ मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ भी गिर सकती है।
ज्यादातर इलाकों में रहे शीत दिवस के हालात
भीषण ठंड से जूझ रहे देहरादून और आसपास के ज्यादातर इलाकों में शुक्रवार को शीत दिवस की स्थिति रही। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच से पांच डिग्री से अधिक तक नीचे चले गया। दिन और रात को ठंड के कारण लोगों की कंपकंपी छूट गई। प्रदेश के कई इलाकों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान माइनस में चल रहा है।