Uttarakhand IMD Weather Update : दो दिनों में प्रदेश भर के सभी इलाकों में तेज बारिश होने की आशंका है। आठ जिलों के रेड अलर्ट के साथ ही पांच जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश में मौसम विभाग के अलर्ट के बीच राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हुई। मसूरी में हल्का कोहरा भी छाया रहा। वहीं, लगातार हो रही बारिश से एक बार फिर से बुधवार को गंगा का जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया। दिनभर गंगा का जलस्तर बढ़ते-बढ़ते शाम छह बजे चेतावनी रेखा के निशान 293 मीटर के करीब 292.90 मीटर पर पहुंच गया। हालांकि, इसके बाद कम होना शुरू हो गया। जो रात आठ बजे 292.75 मीटर पर आ गया। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अवर अभियंता हरीश ने बताया कि गंगा का जलस्तर सुबह तक और भी कम होने की उम्मीद है। खतरे वाली कोई बात नहीं है।
एनडीआरएफ की टुकड़ी पहुंची
लालढांग क्षेत्र के मीठीबेरी गांव में रवासन नदी के कटाव के मद्देनजर राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की एक टुकटी पहुंची। हालांकि, अभी तक ऐसी स्थिति पैदा नहीं हुई है, लेकिन फिर भी एहतियात के तौर पर एनडीआरफ की टीम को प्रशासन ने भेज दिया है, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को बचाया जा सके।
भारी बारिश का अलर्ट
विज्ञापन
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया, 23 और 24 अगस्त को आठ जिलों टिहरी, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, बागेश्वर, चम्पावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में बारिश का येलो अलर्ट है।
उन्होंने कहा कि इन दो दिनों में प्रदेश भर के सभी इलाकों में तेज बारिश होने की आशंका है। वहीं, पिछले दो दिनों से कई स्थानों पर बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है। साथ ही भूस्खल की घटनाएं भी बढ़ी हैं।
बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए हरिद्वार, टिहरी, देहरादून , बागेश्वर और नैनीताल में 23 अगस्त बुधवार को कक्षा एक से 12 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश रहा। वहीं, समस्त आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहे।