तीन दिनों तक रही भारी बारिश से जोशीमठ के हेलंग बाजार में कई मकानों और दुकानों को भारी नुकसान हुआ है। भूस्खलन से कई मकानों में दरारें आ गई हैं। हेलंग के ग्राम प्रधान आनंद सैलानी ने जोशीमठ एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग की।
18 अक्तूबर की रात को अतिवृष्टि से हेलंग में योगेंद्र अधिकारी, मोहन अधिकारी, महावीर भंडारी, विहारी लाल, मोती लाल, महावीर बिष्ट, शिव लाल, सूरज भंडारी, संतोष जुगरान, कुशल सिंह भंडारी, महावीर जुगरान, दलवीर लाल और कुंदन के मकानों के पास भूस्खलन होने से मकान खतरे की जद में आ गए हैं। यूकेडी के जिलाध्य्क्ष अब्बल सिंह भंडारी ने बताया कि कई मकानों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं, जिससे वह मकान रहने लायक नहीं रह गए हैं। उन्होंने शीघ्र प्रभावित क्षेत्र के निरीक्षण की मांग उठाई।
वहीं थराली के तहसील के ढूंगाखोली गांव में कई मकान खतरे की जद में आ गए जबकि कई गोशालाओं को नुकसान पहुंचा। जूनीधार व गोठिंडा गांव में भी कई मकानों में दरारें आने और रास्ते ध्वस्त होने से लोग घरों में ही कैद हो गए हैं। भारी बारिश से कई पेयजल लाइनें भी ध्वस्त हो गई हैं।
गोठिंडा के प्रधान विक्रम भंडारी ने बताया कि क्षति की सूचना तहसील प्रशासन को दे दी गई है। वहीं ढूंगाखोली में मूसी देवी, महेंद्र बिष्ट, नरेंद्र सिंह और दलबीर सिंह आदि के मकान भी खतरे की जद में आ गए हैं। लोल्टी, डुंग्री और रूईसाण क्षेत्र में भी कई मकानों को खतरा पहुंचा है।