मौसम विभाग के अलर्ट के बाद देहरादून जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
खबर मिलने पर तत्काल राहत कार्रवाई करने को कहा
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्थिति पर पैनी नजर रखने और अपने-अपने क्षेत्रों में उपस्थित रहने की हिदायत दी है। उन्होंने आपदा की खबर मिलने पर तत्काल राहत कार्रवाई करने को कहा है।
साथ ही उप जिलाधिकारियों को अपने अपने क्षेत्रों में रहने और क्षेत्रीय लेखपालों से जानकारियां हासिल करने की हिदायत दी है। जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन में लापरवाही मिलने पर संबंधित विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। राजधानी दून व आसपास के इलाकों में रविवार को दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन देर शाम कई इलाकों में बारिश भी हुई।
देहरादून समेत कई जिलों में भारी बारिश के आसार
मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट ले रहा है। इससे अगले 24 घंटे में देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ आदि में कहीं-कहीं तेज गर्जना के साथ भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। राजधानी दून व आसपास के इलाकों में एक या दो दौर की भारी बारिश हो सकती है।