कोहरा छाने से कई घंटे लेट पहुंच रहीं ट्रेनें
मैदानी इलाकों में कोहरा छाने से ट्रेन और बस की रफ्तार धीमी हो गई है। जिसके चलते यात्रा का समय बढ़ गया है। मैदानी इलाकों में सुबह-शाम के साथ रात में कोहरा छाने से दूसरे शहरों से दून आने वालीं ट्रेनें तीन से चार घंटे की देरी से पहुंच रही हैं। दिल्ली और अन्य शहरों से आने वाली बसें भी दो-तीन घंटे की देरी से दून पहुंच रही हैं।
शनिवार को सुबेदारगंज से आने वाली ट्रेन (4113) और नंदा देवी एक्सप्रेस भी तीन से चार घंटे की देरी से दून पहुंचीं। जबकि दिल्ली, जयपुर, आगरा, मेरठ समेत विभिन्न शहरों से दून आने वाली बसें देरी से पहुंचीं। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो आगामी तीन जनवरी तक मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा।
आठ घंटे बंद रहेगी हर्रावाला क्रॉसिंग
देहरादून और हर्रावाला के बीच बना रेलवे क्रॉसिंग आज (रविवार को) आठ घंटे बंद रहेगी। रेलवे ने बताया कि दून और हर्रावाला के बीच बने रेलवे क्रॉसिंग का 31 दिसंबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मरम्मत का कार्य किया जाएगा। जिसके चलते इस क्रॉसिंग पर सड़क यातायात पूरी तरह से बंद रहेगा।