उत्तरकाशी जिले में तहसील मोरी के अंतर्गत ग्राम फिताडी के खका तोक में भूस्खलन होने का कारण छह बकरियां दब गईं हैं। घटना की सूचना के बाद राजस्व उपनिरीक्षक फिताडी रवाना हो गए हैं।
शुक्रवार और शनिवार को राज्य में भारी बारिश की संभावना
प्रदेश में बारिश का सिलसिला कुछ और दिन चलता रहेगा। आज शुक्रवार और कल शनिवार को राज्य में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए प्रदेश में ऑरेज अलर्ट जारी किया है।
भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को राज्य के सभी मैदानी जिलों हरिद्वार, नैनीताल, पंतनगर, ऊधमसिंहनगर सहित और पर्वतीय क्षेत्रों पौड़ी, पिथौरागढ़, मुक्तेश्वर, न्यू टिहरी आदि सभी जिलों में तेज बौछार के साथ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
इसके साथ ही आकाशीय बिजली के साथ गर्जन होने की संभावना है। दून में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम और गर्जन के साथ तेज बौछारें हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में दो दौर की तीव्र बारिश हो सकती है। यहीं हालत 11 सितंबर को भी रहेगी।
भारत नेपाल सीमा को जोड़ने वाला झूलाघाट का सीमा पुल 11 सितंबर से आधा घंटे देरी से खुलेगा। कस्टम अधीक्षक डॉ. दयाशंकर ने बताया सीमा पुल के समय को मौसम के हिसाब से साल में तीन बार परिवर्तित किया जाता है। अभी तक पुल सुबह सात बजे खुल रहा था और शाम छह बजे बंद हो रहा था।
भारत सरकार से मिले निर्देशों के बाद सीमा पुल शनिवार से सुबह 7:30 बजे खुलेगा और शाम 5.30 बजे बंद होगा। नए समय की सूचना बैतड़ी प्रशासन, नेपाल कस्टम, एसएसबी, पुलिस और व्यापार संघ को दे दी गई है।
गड्ढों और प्लॉट में जमा पानी फैला रहा बीमारी
बरसात के मौसम में रुड़की के कलियर क्षेत्र में गड्ढों और खाली प्लॉटों में बारिश का गंदा पानी जमा हो रहा है। पानी में मच्छर पैदा हो रहे हैं। ऐसे में लोगों को मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियां होने का खतरा भी बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत के अधिकारियों से कई बार शिकायत की है, लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
बारिश के दौरान सितंबर का महीना संक्रामक बीमारियों का समय कहलाता है। वायरल फीवर से लेकर मलेरिया और डेंगू की आशंका बढ़ जाती है। मच्छरों की बढ़ती तादाद का एक मुख्य कारण कस्बे में होने वाला जलभराव भी है। अधिकतर नालियां चोक हैं और खुली हुईं हैं, जिससे मच्छर पनप रहे हैं।
बारिश का पानी खाली प्लॉट और गड्ढों में जमा हो रहा है, जिससे मोहल्लों में गंदगी पसरी हुई है। नगर पंचायत सहित देहात क्षेत्रों में भी कीटनाशक का छिड़काव नहीं कराया गया है।