टिहरी में भारी बारिश से जन जीवन अस्तव्यस्त हो गया। बीआरओ ने ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर फकोट के आगे भिन्नू में क्षतिग्रस्त ऑलवेदर रोड पर मरम्मत के लिए निर्माण शुरू कर दिया है। बीआरओ के इंजीनियर अब ध्वस्त हुई सड़क के स्थान पर पहाड़ी की साइड कटिंग कर रहे हैं। उम्मीद है कि अगले पांच-छह दिनों में हाईवे बनकर तैयार हो जाएगा। फिलहाल जिले के लोग आवागमन के लिए ऋषिकेश और देहरादून जाने के लिए चंबा-मसूरी हाईवे का प्रयोग कर रहे हैं। मार्ग पर ट्रैफिक बढ़ने से बार-बार जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है।
नरेंद्रनगर क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से झमाझम बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते 26 अगस्त रात को ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे भिन्नू के समीप करीब 35 मीटर सड़क पूरी तरह से ध्वस्त हो गई थी। डीएम इवा आशीष श्रीवास्तव ने सुरक्षा की दृष्टि से ऋषिकेश-गंगोत्री और ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे को अग्रिम आदेशों तक यातायात के लिए प्रतिबंधित किया है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जिला प्रशासन ने टिहरी, उत्तरकाशी समेत पौड़ी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिले से आने वाले वाहनों को ऋषिकेश व देहरादून भेजने के लिए चंबा-मसूरी हाईवे पर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया। मार्ग पर ट्रैफिक बढ़ गया है, जिससे अलग-अलग स्थानों पर बार-बार जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है।
एसडीएम युक्ता मिश्र ने बताया कि बीआरओ के इंजीनियर भिन्नू में पहाड़ी की ओर कटिंग कर हाईवे को तैयार करने की कवायद में जुट गए हैं। जेसीबी से वहां कटिंग कार्य किया जा रहा है। हाईवे खुलने में पांच से छह दिन का समय लग सकता है।
पूर्णागिरी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन से रास्ता बंद
चंपावत में लगातार बारिश के बाद भूस्खलन के कारण पूर्णागिरी देवी मंदिर की ओर जाने वाला मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया। पूर्णागिरि धाम में भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुए मुख्य मंदिर पैदल मार्ग की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग ने टेंडर लगा दिए हैं। मार्ग क्षतिग्रस्त होने से पूर्णागिरि यात्रा में जोखिम बना हुआ है। लोनिवि के एई एपीएस बिष्ट का कहना है कि मार्ग के पुनर्निर्माण तक पहाड़ी काटकर वैकल्पिक मार्ग बनानी की कार्यवाई शुरू की जा रही है।
शासन की ओर से टिहरी, देहरादून जिला प्रशासन और पुलिस महानिदेशक को निर्देशित किया गया है कि पहाड़ चढ़ने वाले लोगों को ऋषिकेश के पास भद्रकाली चेक पोस्ट पर रोका जाए और बहुत आवश्यक होने पर ही आगे की यात्रा के लिए जाने दिया जाए।
यात्रियों को दूसरे वैकल्पिक मार्ग देहरादून-धनोल्टी-चंबा की तरफ से भेजा जाए। इसके साथ ही यात्रियों को मार्ग की यथास्थिति बताने को कहा गया है। इस संबंध में अपर सचिव आपदा प्रबंधन डॉ.आनंद श्रीवास्तव की ओर से आदेश जारी किए गए हैं।