सर बडियार एवं ठकराल पट्टी के 13 गांवों का संपर्क तहसील और ब्लाक मुख्यालय से 25 दिन बाद भी नहीं जुड़ पाया है। सड़क धंसने से ग्रामीणों को तहसील मुख्यालय तक पहुंचने के लिए 15 से 20 किमी पैदल चलना पड़ रहा है। ब्लाक प्रमुख ने डीएम को पत्र लिखकर शीघ्र समस्या के निस्तारण की मांग की है।
ठकराल पट्टी के पांच और सर बडियार पट्टी के आठ गांवों को राजगढ़ी-सरनौल मोटर मार्ग तहसील मुख्यालय से जोड़ता है, जो सितंबर प्रथम सप्ताह में सड़क का करीब 100 मीटर हिस्सा धंस गया था। क्षेत्र की समस्या को लेकर ब्लाक प्रमुख सरोज पंवार ने पीएमजीएसआई के अधिकारियों को गत 27 सितंबर को ब्लाक में बुलाया था, लेकिन वे नहीं आए।
बिना देखरेख के ट्रॉलियां भी शोपीस
दोनों पट्टियों के 13 गांवों के लिए अलग-अलग जगह ट्रॉलियां भी लगी हुई है, लेकिन उन पर रस्से न होने के कारण वह शोपीस बनी हुई हैं। प्रधानमंत्री जनकल्याणकारी योजना के प्रदेश उपाध्यक्ष जगमोहन ने लोनिवि ने सरबडियार के ग्रामीणों के लिए रतेली गगाड़ व ठकराल के लोगों के लिए रखंणी खड्ड पर लाखों के लागत से ट्रॉली लगा रखी है, लेकिन बिना देखरेख अभाव में वह भी शोपीस बन कर रह गई है।