मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अगले 24 घंटे में राज्य के मैदानी क्षेत्रों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
बता दें की मौसम विज्ञानियों ने 13 जून को मानसून के उत्तराखंड पहुंचने की भविष्यवाणी की थी और संभावना जताई थी कि मानसून की सक्रियता के साथ ही पहाड़ से लेकर मैदान तक जबरदस्त बारिश होगी। लेकिन मौसम विज्ञानियों की तमाम संभावनाओं को दरकिनार करते हुए मौसम ने जो करवट ली उसे देखकर मौसम विज्ञानी भी भौचक रह गए।
बता दें कि पिछले 15 दिनों में पहाड़ से लेकर मैदान तक न सिर्फ जबरदस्त गर्मी पड़ी, वरन मानसून की सक्रियता के बावजूद बारिश भी सिरे से नदारद रही। मौसम विज्ञानियों की ही मानें तो हाल के वर्षों में यह पहली बार है, जब मानसून की दस्तक देने के बावजूद लोगों को जबरदस्त गर्मी का सामना करना पड़ा और बारिश नहीं हुई।
लगातार दूसरे दिन गुरुवार को भी पारा 35 डिग्री के पार पहुंच गया। जिसके चलते लोगों को जबरदस्त गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री दर्ज किया गया।
वैसे तो राजधानी दून और आसपास के इलाकों में दिन भर आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन तापमान अधिक होने की वजह से गर्मी से राहत नहीं मिली। अपराहन मौसम का मिजाज बदला और आसमान में काले घने बादल भी दिखे। एक बारगी लगा कि झमाझम बारिश होगी और गर्मी से राहत मिलेगी।
लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मौसम विज्ञानियों ने अगले 24 घंटे में देहरादून और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इससे लोगों को गर्मी से जल्द राहत मिलेगी।
पिछले 15 दिनों से पड़ रही जबरदस्त गर्मी का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। दो दिनों के भीतर अधिकतम तापमान 35 डिग्री से अधिक होने के चलते कई लोगों को डायरिया, उल्टी और पेट दर्द जैसी बीमारियों ने गिरफ्त में ले लिया।
दून अस्पताल, कोरोनेशन जैसे सरकारी अस्पतालों के अलावा निजी अस्पतालों में डायरिया, उल्टी से पीड़ित मरीजों की भीड़ बढ़ी है। दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एवं वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. केसी पंत के मुताबिक अस्पताल में बड़ी संख्या में डायरिया से पीड़ित मरीज आ रहे हैं।
ऐसे में लोगों को थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है। बकौल डॉ. केसी पंत अत्यधिक गर्मी की स्थिति में डायरिया, पेट दर्द, उल्टी की शिकायतें बढ़ जाती हैं। इस मौसम में लोगों को अधिक से अधिक तरल पदार्थों के साथ ही खानपान में खास ध्यान देना होगा।