वहीं उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने सहायक अभियंता (असिस्टेंट इंजीनियर) भर्ती के तहत आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। यह बदलाव भर्ती के पदों की संख्या बढ़ने की वजह से हुआ है। आयोग ने इसकी सूचना जारी कर दी है।
आयोग ने एक सितंबर से सहायक अभियंता भर्ती के 154 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू किए थे। अब शहरी विकास विभाग में 16 और लोक निर्माण विभाग में एक पद बढ़ने के बाद पदों की संख्या 171 हो गई है।
आयोग ने इस भर्ती में आवेदन की अंतिम तिथि 21 सितंबर तय की हुई थी, जिसे बढ़ाकर 12 अक्तूबर कर दिया है। इस भर्ती से ग्रामीण निर्माण विभाग में 25, सिंचाई विभाग में 56, लघु सिंचाई विभाग में आठ, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में 21, ऊर्जा विभाग में दो, लोक निर्माण विभाग में 43 और आवास विभाग में 16 इंजीनियर के पदों पर भर्ती की जाएगी।
राज्य सरकार के नियमों के तहत इस भर्ती में भी अधिकतम आयु सीमा में एक साल की छूट दी गई है। 21 से 43 आयु वर्ग के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। भर्ती के लिए अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, देहरादून, ऋषिकेश, नैनीताल, हल्द्वानी, हरिद्वार, रुड़की, रुद्रपुर, खटीमा, पंतनगर, पिथौरागढ़, पौड़ी, कोटद्वार, श्रीनगर, चमोली, नई टिहरी और उत्तरकाशी में प्री परीक्षा होगी।