आईजी की कार में सवार होकर प्रापर्टी डीलर से लूट के मामले में आरोपी पुलिसकर्मियों की हर करतूत सीसीटीवी कैमरों में कैद है। पुलिस ने इस मामले में अलग-अलग स्थानों से करीब 37 मिनट की सीसीटीवी फुटेज जुटाई है। इस फुटेज में कार को ओवरटेक कर रोकने, काला बैग उठाने और प्रापर्टी डीलर को कार में बैठाने-उतारने की हर तस्वीर मौजूद है। इस घटनाक्रम के बाद के दृश्यों में आईजी की सरकारी गाड़ी पुलिस लाइन में प्रवेश करती और करीब आधा घंटे के अंतराल के बाद वापस डब्लूआईसी क्लब जाते हुए नजर आ रही है।
इस फुटेज को देखने के बाद यह सच तो शीशे की तरह साफ-साफ सामने आ गया है कि वारदात तो हुई है। वारदात किसने की है, यह भी साफ हो गया है। पुलिस को अब पता करना है कि वारदात के पीछे कौन कौन हैं? नामजद आरोपी कांग्रेस नेता अनुपम शर्मा की वारदात के पीछे क्या भूमिका है? लूटी गई रकम कितनी और किसकी है? यह सच सामने आने के बाद कई सफेद चेहरों पर कालिख पुत जाए तो अचरज नहीं होगा।