वंदना आप अपना मनोबल ऊंच रखो, पूरा देश आपके साथ खड़ा है। जब अच्छा प्रदर्शन हो जाता है तो उसे सभी लोग याद करते हैं, लेकिन हम ऐसी खेल नीति बना रहे हैं कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को अच्छा प्रदर्शन से पहले भी याद किया जाए। भारतीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुछ इस अंदाज में वर्चुअल बात की।
मुख्यमंत्री ने वंदना से कहा कि उन्होंने उत्तराखंड और देश का नाम व सम्मान बढ़ाया है। जब वह टोक्यो से स्वदेश लौटेंगी तो सबसे पहले उत्तराखंड आएंगी। उन्होंने वंदना को मुख्यमंत्री आवास में मिलने का निमंत्रण दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने उनके सम्मान के लिए 25 लाख की धनराशि की घोषणा की है। उन्हें तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए भी चुना गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा की खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य में नई खेल नीति बनाई जा रही है। इसमें विभिन्न खेलों में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने वंदना कटारिया के भाई सौरभ कटारिया से भी फोन से वार्ता कर वंदना के शानदार प्रदर्शन पर बधाई दी।
भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया ने उनके उत्साह वर्धन पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सचिव हरि चंद्र सेमवाल भी उपस्थित थे।