ओलंपिक टोक्यो में हॉकी में इतिहास रचने वाली हरिद्वार की बेटी वंदना कटारिया स्वदेश लौटने पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगी। स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले पर होने वाले कार्यक्रम में भी वह भारतीय दल के साथ हिस्सा लेंगी।
आज रविवार को प्रदेश के खेल एवं शिक्षामंत्री अरविंद पांडेय ने भी वंदना कटारिया के घर पहुंचकर उनकी मां और परिजनों को सम्मानित किया।
रोशनाबाद गांव निवासी वंदना कटारिया ने ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम में खेलते हुए हैट्रिक लगाकर इतिहास रचा है। ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं।
जिला क्रीड़ा अधिकारी एसके डोभाल ने बताया कि ओलंपिक खेलों के समापन के बाद वह भारत लौटेंगी। दिल्ली में केंद्रीय खेल मंत्री से भारतीय ओलंपिक दल के साथ वह मुलाकात करेंगी। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले पर होने वाले कार्यक्रम में वह मौजूद रहेंगी।