वंदना कटारिया के भाई पंकज कटारिया ने बताया कि वर्ष 2015 में भी वंदना को अर्जुन पुरस्कार दिए जाने की संस्तुति की गई थी। पिता नाहर सिंह की इच्छा थी कि बेटी वंदना कटारिया को अर्जुन अवाॅर्ड मिले। उस समय अर्जुन अवाॅर्ड के लिए वंदना का चयन नहीं हो सका था।
भाई पंकज कटारिया ने बताया कि पिता ने वंदना का हौसला बढ़ाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। वंदना को कामयाब बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वंदना के संघर्ष के समय उसके दोस्त की तरह पिता ने साथ दिया। उन्होंने बताया कि वंदना को अर्जुन अवाॅर्ड मिलने की पिता की इच्छा पूरी हो गई।
उन्होंने बताया कि यदि आज पिताजी जिंदा होते तो उन्हें बहुत खुशी होती। वंदना की मां सोरन देवी ने भी बेटी को अर्जुन पुरस्कार के लिए चयन होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। ग्रामीण सुबोध पाल, अभिषेक, प्रमोद पाल, जोगेंद्र कटारिया, जगदीश शर्मा, दिलशाद खान, रोशन खान, राजवीर सिंह कटारिया आदि ने भी वंदना को अर्जुन अवाॅर्ड मिलने पर खुशी जताई। संवाद