रामगढ़ के सतखोल स्थित सलमान खुर्शीद के कॉटेज में सोमवार की दोपहर एक बजे हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोगों ने सलमान खुर्शीद की किताब में हिंदुओं के लिए की गई टिप्पणी के खिलाफ खुर्शीद का पुतला दहन करने के साथ नारेबाजी की थी। इस दौरान पुतला दहन करने वालों की केयर टेकर सुंदर राम के परिजनों से बहस हो गई थी। जिस पर आक्रोशित होकर लोगों ने सलमान खुर्शीद के कॉटेज के मुख्य दरवाजे में आग लगा दी और तोड़फोड़ शुरू कर दी। वहीं कुछ लोगों ने सात से आठ राउंड फायरिंग कर दरवाजे के शीशे तोड़ दिए।
साथ ही पत्थर फेंककर भी नुकसान पहुंचाया गया। वहीं गोली की आवाज सुनकर केयर टेकर सुंदर राम के परिजनों में दहशत फैल गई और उन्होंने हल्ला मचाना शुरू कर दिया। केयर टेकर सुंदर राम की पत्नी नंदी देवी और बहु अनीता देवी के साथ धक्का मुक्की, बंदूक दिखाने के साथ, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी उपद्रवियों की ओर से दी गई। जिससे परिजन सहमे रहे। वहीं घटना के बाद सलमान खुर्शीद के पुलिस के शीर्ष अधिकारियों को फोन करने पर मुक्तेश्वर, क्वारब और रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक उपद्रवी फरार हो चुके थे। वहीं पुलिस ने केयर टेकर सुंदर राम की तहरीर पर एक नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही उपद्रव के दौरान बनाए गए वायरल वीडियो के माध्यम से आरोपियों को चिन्हित किया जा रहा है।
सोमवार को हुई घटना के 24 घंटे बाद भी उपद्रव करने वाले आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी न होने से पुलिस प्रशासन पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ लोग हिंदूवादी संगठनों से जुड़े होने के चलते पुलिस के ऊपर नेताओं का दबाव बना हुआ है। इसकी वजह से भी अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जबकि सोशल मीडिया में वायरल हो रही वीडियो में घटना को अंजाम देने वाले लोग देखे जा रहे हैं। लेकिन इसके बाद भी गिरफ्तारी न होना कई सवाल खड़े कर रहा है।
दिल्ली से चार लोग पहुंचे सतखोल
सलमान खुर्शीद ने अपने कॉटेज में तोड़फोड़, आगजनी और फायरिंग की घटना के बाद मंगलवार को चार कर्मचारियों को दिल्ली से सतखोल भेजा है। केयरटेकर सुंदर राम की बेटी विमला ने बताया कि चारों सलमान खुर्शीद के दिल्ली स्थित कॉटेज में काम करते हैं। प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद कॉटेज को सही कराया जाएगा। विमला के अनुसार पुलिस की ओर से सिपाही तैनात किए गए हैं।
मंगलवार को फॉरेंसिक मोबाइल टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए है। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के गठित की गई टीम लगातार दबिश दे रही है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
- जगदीश चंद्र, एसपी सिटी
तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। फॉरेंसिक मोबाइल टीम ने साक्ष्य जुटाए है। साथ ही गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों के घरों में दबिश देकर पूछताछ कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करेगी।
- भूपेंद्र सिंह धौनी, पुलिस क्षेत्राधिकारी भवाली-भीमताल