कोरोनाकाल में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अभी फिलहाल बिना बच्चों के स्कूलों को खोला गया है। ऐसे में ऑनलाइन क्लास से ही बच्चों को पढ़ाई से जोड़ा जा रहा है। लेकिन कुछ बच्चे ऑनलाइन क्लास में जुड़ने से बच रहे हैं।
शिक्षकों का कहना है कि क्लास के मेधावी छात्र ही रोजना ऑनलाइन क्लास से जुड़ रहे हैं। जबकि अन्य छात्र नेटवर्क और स्मार्ट फोन न होने का हवाला देकर ऑनलाइन क्लास से बच रहे हैं। राजपुर रोड स्थित एक सरकारी स्कूल की प्रधानाचार्य ने बताया कि ऑनलाइन क्लास में कुछ ही छात्र जुड़ रहे हैं। जबकि अन्य छात्र उन छात्रों के काम से ही अपने स्कूल के काम को पूरा कर रहे हैं। ऐसा हाल लगभग सभी क्लास के बच्चों का है।
उधर इस ओर अभिभावक भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। वहीं रायपुर के एक स्कूल के शिक्षक ने बताया कि कई बच्चे घर पर नेटवर्क और स्मार्ट फोन न होने की बात कह कर ऑनलाइन क्लास से बच रहे हैं। ऐसे में शिक्षकों के लिए मुश्किल का काम हो रहा है कि वह हर एक बच्चे के अभिभावक से बात करें। शिक्षकों का कहना है कि ऑनलाइन क्लास से बचने वाले छात्रों को परीक्षा देने में समस्या का सामना करना पड़ेगा। इस ओर अभिभावकों को भी ध्यान देना होगा।