प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांच नवंबर को प्रस्तावित केदारनाथ दौरे को लेकर मुख्य सचिव डा. एसएस संधू, देवस्थानम बोर्ड के सीईओ व गढ़वाल कमिश्नर रविनाथ रमन व पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर केदारनाथ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने धाम में की जा रही तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए।
अधिकारियों ने मंदिर परिसर से दो सौ मीटर पहले बैरीकेडिंग लगाने और केदारपुरी में चिह्नित स्थानों पर सुरक्षा को लेकर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने एमआई-17 हेलीपैड से मंदिर परिसर तक जरूरी सुविधाओं के साथ ही पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
बता दें कि वर्ष 2017 में पीएम मोदी ने केदारनाथ पुनर्निर्माण को अपने ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल किया था। इन कार्यों के शिलान्यास से निरीक्षण के लिए वे 3 मई 2017 से 18 मई 2019 तक चार बार केदारनाथ पहुंच चुके हैं। इस बार भी उनके द्वारा द्वितीय चरण के कार्यों का निरीक्षण के साथ ही आदिगुरु शंकराचार्य की मूर्ति का अनावरण भी करेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी केंद्रीय मंत्रियों, राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों को पांच नवंबर को केदारनाथ आने का निमंत्रण दिया है। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबा केदार धाम में आदि गुरु शंकराचार्य की भव्य प्रतिमा अनवारण करेंगे।
सरकार की मंशा है कि शंकराचार्य की परंपरा से जुड़े प्रमुख संत इस भव्य और अनूठे आयोजन के साक्षी बनें। कार्यक्रम में प्रतिष्ठित हस्तियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री सभी को पत्र लिख रहे हैं। कई प्रमुख हस्तियों को पत्र भेजे जा चुके हैं।
आदि गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा की स्थापना बहुत बड़ा और ऐतिहासिक कार्य है। प्रधानमंत्री के प्रयासों और उनके मार्गदर्शन से केदारनाथ में 400 करोड़ से पुनर्निर्माण कार्य हो रहे हैं। केदारनाथ समेत सभी 12 ज्योतिर्लिंगों, देशभर के सभी प्रमुख शिवालयों, शंकराचार्य की जन्मभूमि केरल से सजीव प्रसारण से जोड़ा जाएगा। इस आयोजन के लिए मैं सभी राज्यों के राज्यपालों, उप राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों और केंद्र सरकार के मंत्रियों को निमंत्रण पत्र लिख रहा हूं।
- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
पूजा अर्चना के बाद प्रतिमा का अनावरण करेंगे पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच नवंबर को केदारनाथ पहुंचकर सबसे पहले पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद वह पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। फिर वह आदि गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। यहां से वह संबोधन करेंगे, जिसका सभी ज्योतिर्लिंगों, शंकराचार्यों के मठों, सभी प्रमुख शिवालयों में एलईडी स्क्रीन पर सजीव प्रसारण होगा।