आप नेता कर्नल कोठियाल ने शनिवार को मां नयना देवी मंदिर में पूजा अर्चना कर और तल्लीताल में शहीद मेजर राजेश अधिकारी और भारत रत्न बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रोजगार गारंटी यात्रा शुरू की। तल्लीताल से मल्लीताल तक कोठियाल का काफिला जलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए रवाना हुआ।
रामसेवक सभा में आप नेता अजय कोठियाल ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य बनने के बाद सत्ता में आई भाजपा और कांग्रेस जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने में भी पूरी तरह विफल रही हैं। यही कारण है कि आज उत्तराखंड का प्रत्येक व्यक्ति अपने बच्चों के भविष्य के प्रति चिंतित है।
महिलाओं और बुजुर्गों में भी गजब का जज्बा
उन्होंने कहा कि इस सिस्टम में भ्रष्टाचार और चोरी भीतर तक समा चुकी है। उत्तराखंड के युवाओं में गजब की शक्ति है यहां महिलाओं और बुजुर्गों में भी गजब का जज्बा देखने को मिलता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वह विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के हाथों को मजबूत करें।
कहा कि आम आदमी पार्टी जन समस्याओं का समाधान कराने में सक्षम है। इस बाबत कोठियाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा दिल्ली में किए गए कार्यों को भी गिनाया। रोजगार गारंटी कार्यक्रम में खासी भीड़ होने से आप के नेता और कार्यकर्ता उत्साहित नजर आए।