उपलब्धियां गिनाने के बजाय 30 मई को गांवों में सेवा कार्य में जुटेगी भाजपा, कोरोना की दूसरी लहर में सेवा कार्यों को तरजीह देगी पार्टी, सभी सांसदों, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों को गांवों में जाकर करनी होगी सेवा।
30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दूसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे करेंगे। इस तरह प्रधानमंत्री के तौर पर उन्हें सात साल पूरे हो जाएंगे।
विज्ञापन
उपलब्धियों का बखान करने के बजाय कोविड संक्रमण से जूझ रहे लोगों की चिंता करने को मजबूर
अभी तक भाजपा में केंद्र में कार्यकाल का एक साल पूरे होने पर मोदी सरकार का गुणगान करने की परंपरा रही है, लेकिन कोरोना की दूसरी लहर के झंझावतों ने इस बार पार्टी को उपलब्धियों का बखान करने के बजाय कोविड संक्रमण से जूझ रहे लोगों की चिंता करने को मजबूर किया है।
सात साल में पहली बार ऐसा होगा जब भाजपा नेता व कार्यकर्ता मोदी सरकार का गुणगान नहीं करते दिखेंगे। कोरोना संक्रमण की इस दूसरी लहर में हाहाकार मचा है। ऐसे माहौल में केंद्र और राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा उपलब्धियों का जश्न मनाने का जोखिम नहीं लेना चाहती।
अध्यक्षों व संगठन महामंत्रियों को इस बारे में निर्देश जारी
वर्चुअल बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों व संगठन महामंत्रियों को इस बारे में निर्देश जारी कर दिए हैं। पार्टी का पूरा फोकस सेवा कार्यों पर ही रहेगा।
30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस दिन कोई अन्य कार्यक्रम नहीं होगा। केवल सेवा कार्य किए जाएंगे।
- मदन कौशिक, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा
केंद्र सरकार की उपलब्धियों की कोई चर्चा नहीं होगी। सभी सांसद, विधायक, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि गांवों में जाएंगे और सेवा कार्यों में जुटेंगे। वे लोगों से समस्या पूछेंगे और उनके तत्काल समाधान कराएंगे।
- कुलदीप कुमार, प्रदेश महामंत्री, भाजपा