मंगलौर में मारपीट में गंभीर रूप से घायल किशोर की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस अब हत्या की कोशिश के मामले को हत्या में तरमीम करने की तैयारी कर रही है। साथ ही हमलावरों की तलाश कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के वसंत विहार निवासी उपेंद्र मलिक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि वह जल संस्थान में ठेकेदारी करते हैं। उनके साथ भतीजा निखिल (17) भी रहता था। 13 सितंबर को दोपहर में एक अन्य ठेकेदार अरविंद से उनके भतीजे की कहासुनी हो गई थी। शाम को अरविंद ने अपने लेबर के साथ मिलकर कमरे में सो रहे भतीजे पर हमला कर दिया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। गंभीर हालत में उसे रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अरविंद और कई अज्ञात के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर लिया था। रविवार देर शाम निखिल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सोमवार को परिजनों ने पुलिस से मिलकर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। प्रशिक्षु सीओ ओसिन जोशी ने बताया कि मामले को हत्या की धाराओं में तरमीम करने की तैयारी की जा रही है।