मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता सुनील ग्रोवर ने देहरादून स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में खूब धमाल मचाया। शुक्रवार को सुनील ग्रोवर ग्राफिक एरा पहुंचे और छात्रों से बात करते हुए उन्होंने खूब हंसाया। साथ ही गंभीर मुद्दों पर भी वार्ता की। शो का लाइव प्रसारण किया गया। ग्राफिक एरा के केपी नौटियाल सभागार में आयोजित कार्यक्रम का यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण किया गया।
इस दौरान सुनील ग्रोवर ने कलाकार के जीवन पर भी चर्चा की। बताया कि किसी चरित्र का अभिनय करने के लिए किस तरह से मेहनत करनी पड़ती है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मिमिक्री और चुटकुले तो चलते रहते हैं, लेकिन मैं यहां कुछ काम की बात कर रहा हूं।
कई छात्र पढ़ाई के बाद करियर शुरू करेंगे। घबराने की जरूरत नहीं है। अपने काम में लगे रहो। उन्होंने कहा कि मेरा एक्टर बनने का सपना था। एक टीवी में काम मिल गया तो बहुत खुश हुआ और अब भी अपने सपने को ही जी रहा हूं।
गढ़वाल पोस्ट के ई पेपर के विमोचन पर भी रहे मौजूद
इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार रात अंग्रेजी अखबार गढ़वाल पोस्ट के ई पेपर का विमोचन किया। कॉमेडियन सुनील ग्रोवर व अभिनेता विक्टर बैनर्जी समेत कई गणमान्य इस अवसर पर मौजूद रहे और उन्होंने अखबार के संपादक व अभिनेता सतीश शर्मा को बधाई दी।
सुनील ग्रोवर ने कहा कि उत्तराखंड के लोग मेहनती और खुशमिजाज हैं। मुख्यमंत्री धामी युवा हैं और पूरे प्रदेश को उनसे बहुत उम्मीदें हैं। इस दौरान डा. एस फारूख, वरिष्ठ पत्रकार व सतीश शर्मा के पिता उपेंद्र कुमार शर्मा, केएच जैदी, हिमांशु धूलिया, विभु ग्रोवर, रूपेश तीलू समेत अन्य मौजूद रहे।