उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी, मदकोट, नाचनी, बंगापानी, डीडीहाट, कनालीछीना सहित विभिन्न हिस्सों में शुक्रवार रात 8:55 बजे भूकंप के झटके महसूस किए। आपदा कंट्रोल रूम के मुताबिक भूकंप का केंद्र नेपाल में बताया जा रहा है। जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.8 मापी गई।भारत में क्षति की सूचना नहीं है।
जोन चार और पांच में है उत्तराखंड का ज्यादातर इलाका
वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी के भूकंप विज्ञानियों की मानें तो उत्तराखंड भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील है। उत्तराखंड का ज्यादातर इलाका भूकंप के लिहाज से जोन चार और पांच में हैं। ऐसे में उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में लगातार हल्के भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं।
पिछले साल देशभर में आए 965 भूकंप
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल एक जनवरी से लेकर 31 दिसंबर तक उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, नई दिल्ली समेत देश के कई इलाकों में कुल 965 भूकंप आए जो काफी बड़ा आंकड़ा है चौंकाने वाली बात यह है कि देश की राजधानी नई दिल्ली और एनसीआर इलाके में भूकंप के 13 झटके महसूस किए गए और सभी की रिक्टर स्केल पर तीव्रता तीन से अधिक थी।
यह भी पढ़ें... भूकंप अलर्ट: अब एप के जरिए मिलेगी भूकंप की पूर्व चेतावनी, ऐसा करने वाला पहला राज्य बना उत्तराखंड
भूगर्भीय हलचलें अच्छे संकेत नहीं
हिमालय में लगातार हो रही भूगर्भीय हलचलें आने वाले समय के लिए अच्छे संकेत नहीं हैं। भूगर्भ में लगातार प्लेटें टकराने और खिसकने के कारण भूकंप आने की घटनाएं हो रही हैं। भूकंप की दृष्टि से चमोली व रुद्रप्रयाग जिला जोन पांच में होने से अति संवेदनशील हैं। पीजी कॉलेज गोपेश्वर में भूगोल के पूर्व प्रोफेसर डॉ. जेएस कंडारी ने कहा कि भारतीय प्लेट लगातार एशियाई प्लेट की ओर खिसक रही है। इससे धरती के अंदर हलचल पैदा होने से ऊर्जा संचित हो रही है, जिसका धीरे-धीरे बाहर निकलना जरूरी है।