मसूरी में सोमवार को सुबह से घना कोहरा छाया रहा, लेकिन दोपहर को हल्की बारिश हो गई। इससे कुछ देर के लिए लोगों की परेशानी बढ़ गई। बारिश के बाद फिर से कोहरा छा गया। इससे दिन में ही वाहनों की लाइट जलानी पड़ी। वहीं, शहर में आए पर्यटकों ने पल-पल बदलते मौसम का जमकर आनंद लिया।
सुबह हल्की धूप और दोपहर को हल्की बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश थमने के बाद होटलों से पर्यटक बाहर निकले और शहर की मालरोड, सहित कंपनी गार्डन, हाथी पांव, लालटिब्बा सहित विभिन्न क्षेत्रों में घूमे। घना कोहरा छाने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। देहरादून मार्ग, धनोल्टी और कैंपटी मार्ग में दिन में ही वाहनों की लाइट जलानी पड़ी। शहर में पल-पल बदल रहा मौसम पर्यटकों को खूब लुभा रहा है।
कैंपटी का प्राकृतिक झरना पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। हर रोज बड़ी संख्या में पर्यटक झरने और झील में जमकर मस्ती कर रहे हैं। बारिश रुकने के बाद फॉल का पानी भी साफ हो गया है। कैंपटी में पुसिल कोरोना गाइडलाइन का सख्ती से पालन भी करा रही है।
उल्लंघन पर पर्यटकों का चालान किया जा रहा है। फॉल के आसपास के क्षेत्र में पुलिस जवान तैनात किए गए हैं, जो सोशल डिस्टेंस का पालन कराने के बाद ही बारिश से झील में आने वाले मलबे पर भी नजर रख रहे हैं।
थानाध्यक्ष कैंपटी नवीन चंद्र जुराल ने बताया कि कैंपटी में सोमवार को बिना मास्क के 5, सोशल डिस्टेंस के उल्लंघन पर 19, शराब पीने और धूम्रपान करने पर 5 और एमवी एक्ट में 10 पर्यटकों का चालान किया गया। बताया कि कैंपटी में सोमवार को 109 वाहनों में 545 पर्यटक पहुंचे।