काली एवं गोरी नदी के संगम पर स्थित जौलजीबी में प्रसिद्ध ऐतिहासिक, पारंपरिक व व्यापारिक जौलजीबी मेले का रविवार को शुभारंभ हो गया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा रविवार को मेले का शुभारंभ किया गया।
मेला हमारी बहुत बड़ी सास्कृतिक धरोहर
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेला हमारी बहुत बड़ी सास्कृतिक धरोहर है। मेले धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देते हैं। जौलजीबी मेले को और अधिक विकसित व सुविधायुक्त किया जाएगा। जौलजीबी मेला भारत नेपाल के मैत्री संबंधों को एक करने का कार्य करता है। मेले हमारी धरोहर एवं संस्कृति के द्योतक हैं, उन्हें हमें आगे बढ़ाते हुए जीवित रखना है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने की ये घोषणा
मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न घोषणाएं भी की गईं। जिसमें चामी से मेतली तक मोटर मार्ग का निर्माण, जौलजीबी में स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण, जौलजीबी से वनराजि जनजाति बस्ती गाना गांव-पचकाना-ढुंगातोली तक सड़क का निर्माण, मवानी-दवानी से मणिधामी मोटर मार्ग का निर्माण, बसंतकोट से मुन्नगरधार-उछति-लिलम तक मोटर मार्ग का निर्माण, सिंमगड नदी के दायीं ओर स्थित घटन (नाचनी) बाढ़ सुरक्षा हेतु तटबंध निर्माण की घोषणा, मुनस्यारी बरार गाड़ के बायीं ओर खेत भराड़ गांव में बाढ़ सुरक्षा हेतु तटबंध निर्माण, एलोपैथिक चिकित्सालय तेजम का उच्चीकरण, मल्लधार से मडलकिया तक मोटर मार्ग का निर्माण, बलमरा से बसोरा-सल्याडी मोटर मार्ग का निर्माण, नोला पब्लिक स्कूल जुम्मा को अनुदान सूची में सामिल किए जाने, जौलजीबी में बुनकर भवन का निर्माण, एलोपैथिक चिकित्सालय बरम हेतु कार्रवाई करने, स्थानीय लोगों की सहमति पर मुनस्यारी को नगर पंचायत बनाए जाने और ग्राम पंचायत पांगला में स्वास्थ्य केंद्र खोले जाने हेतु कार्रवाई किए जाने के साथ ही जौलजीबी मेले के आयोजन हेतु पाचं लाख रुपये देने की घोषणा की गई।
सरलीकरण, समाधान और निपटारा सरकार के मूल मंत्र : सीएम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकारी के तीन मूल मंत्र हैं, सरलीकरण, समाधान और निपटारा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तराखंड से विशेष लगाव है। आपदा के दौरान पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह प्रदेश के हालात की पल-पल अपडेट लेते रहे और रिपोर्ट भी मांगी। सीएम रविवार को शक्तिफार्म के टैगोर नगर मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 68 करोड़ 68 लाख 68 हजार रुपये के विकास कार्यों की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
साथ ही विधायक सौरभ बहुगुणा की मांग पर शक्तिफार्म में बंग भवन, अल्पसंख्यकों के लिए अल्पसंख्यक विकास भवन, जनजाति समुदाय के लिए थारु विकास भवन, अनुसूचित जाति के लिए आंबेडकर भवन बनाने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि सितारगंज चीनी मिल के संचालन के लिए जितने भी बजट की जरूरत होगी, सरकार देगी। उधर जौलजीबी मेला का उद्घाटन करने के बाद सीएम ने कहा कि मेले को और अधिक विकसित एवं सुविधायुक्त किया जाएगा। सीएम ने जौलजीबी मेले के लिए पांच लाख रुपये देने सहित अन्य घोषणाएं भी कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेला भारत-नेपाल के मैत्री संबंधों को एक करने का कार्य करता है। यह मेला हमारी सांस्कृतिक धरोहर है।
सरलता से नए समूह का पंजीकरण होगा
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि नए स्वयं सहायता समूह भी बनाए जाएंगे। इसके लिए उन्होंने जिले के प्रभारी मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद से नए समूहों के लिए पंजीकरण की व्यवस्था करने की बात कही। इससे पूर्व धामी प्रगति स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ब्याज रहित ऋण भी बांटा। सीएम ने 24.9 करोड़ की लागत से निर्मित सिरसा सड़क, 4.90 करोड़ की लागत से बनी सिडकुल-चोरगलिया सड़क एवं राइंका बिज्टी में 18 लाख से निर्मित दो कक्षाकक्षों का लोकार्पण किया। पेयजल योजना से 11.77 करोड़, लोनिवि की 9.60 करोड़, पेयजल संसाधान विकास एवं निर्माण निगम के 4.92 करोड़ एवं चिकित्सा स्वास्थ्य व परिवार कल्याण विभाग की करीब पांच करोड़ की योजनाओं समेत 31 करोड़ 96 लाख 29 हजार की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया।