देहरादून के कैंट क्षेत्र से भाजपा विधायक हरबंस कपूर का निधन हो गया है। हरबंस कपूर के निधन से पार्टी और उनके क्षेत्र के लोगों में भी शोक व्याप्त है। वह 75 साल के थे। कपूर लगातार आठ बार विधायक चुने गए थे। उन्होंने उत्तराखंड विधानसभा के अध्यक्ष पद का भार भी संभाला था। हरबंस कपूर के निधन के शोक में सोमवार को देहरादून जिले के सभी सरकारी कार्यालय बंद रहे। विधायक हरबंस कपूर बेहद सादा जीवन जीते थे। वह जीवन भर लैंब्रेटा स्कूटर में ही चलते रहे।
लक्खीबाग में हुआ अंतिम संस्कार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरबंस कपूर के देहरादून स्थित आवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसस दौरान मुख्यमंत्री ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया और भगवान ने उनकी आत्म की शांति की प्रार्थना की। उन्होंंने भगवान से परिवारजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना भी की।
विधायक हरबंस कपूर के इंदिरा नगर स्थित आवास पर समर्थकों की भीड़ उमड़ी। कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल, गणेश जोशी, विधायक खजान दास समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार कपूर रविवार रात को विवाह समारोह में गए थे। उसके बाद अपने कमरे में आकर सो गए थे। सोमवाार की सुबह जब उन्हें उठाने के लिए पहुंचे तो वह नहीं उठे। इसके बाद डॉक्टर घर पर आए और उन्होंने जांच की। डॉक्टर ने उनके निधन की पुष्टि की।
हरबंस कपूर की बेटी ने बताया कि पिछले तीन दिन से कपूर छाती में भारीपन की शिकायत कर रहे थे। छह साल पहले मेदांता अस्पताल में उनकी ओपन हार्ट सर्जरी हुई थी। उनके बेटे अमित कपूर ने बताया है कि आमतौर पर सुबह उनके पिता 5:30 से छह बजे के बीच उठ जाते थे। लेकिन सोमवार की सुबह वह उन्हें उठाने पहुंचे तो उनका शरीर बिल्कुल भी प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था।
जनता की समस्याओं को लेकर वह हमेशा रहते थे सजग
हरबंस कपूर भाजपा के बेहद सहज और शालीन नेता थे। उनकी जनता में अच्छी पकड़ थी। जनता की समस्याओं को लेकर वह हमेशा सजग रहते थे। विधायक की मौत की खबर मिलते ही पार्टी के नेताओं के साथ ही समर्थकों का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया है। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए आज दोपहर दो बजे प्रदेश कार्यालय में लाया गया। यहां उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद उनके शव को अंत्येष्टि के लिए लक्खीबाग श्मशान में ले जाया गया। यहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा उनके आवास से अनुराग चौक, बल्लूपुर चौक, घंटाघर, बुद्धाचौक, ईसी रोड, बलबीर रोड, प्रदेश कार्यालय, फव्वारा चौक, आराघर चौक, प्रिंस चौक से होते हुए लक्खीबाग पहुंची।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावतऔर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी श्रद्धांजलि दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। युवा मोर्चा अध्यक्ष अंशुल चावला भी पहुंचे। मेयर सुनील उनियाल गामा और विधायक विनोद चमोली भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। आम आदमी पार्टी के सीएम पद के उम्मीदवार कर्नल (सेनि) अजय कोठियाल भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे।