रुद्रप्रयाग में ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर नरकोटा में सक्रिय भूस्खलन जोन से निजात के लिए वैकल्पिक मार्ग का प्रस्ताव तैयार किया गया है। भाजपा ग्रामीण मंडल के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद जोशी ने मार्ग निर्माण का प्रस्ताव विधायक को सौंपा है। इस मार्ग के बनने से धनपुर के गांवों की भी हाईवे से दूरी कम हो जाएगी।
विधायक को सौंपे प्रस्ताव में भाजपा ग्रामीण मंडल के अध्यक्ष जोशी का कहना है कि ऑलवेदर रोड परियोजना में की जा रही कटिंग से ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर पिछले दो माह से नरकोटा में भूस्खलन के कारण आए दिन बाधित हो रहा है।
उन्होंने समस्या के समाधान के लिए हाईवे पर गुलाबराय के समीप रैंतोली-जसोली मोटर मार्ग के पंचभैयाखाल से मल्ला नरकोटा होते हुए नौगांव तक वैकल्पिक मोटर मार्ग का निर्माण किया जाए। इधर, विधायक भरत सिंह चौधरी ने बताया कि उन्होंने प्रस्ताव के तहत लोनिवि के अधिशासी अभियंता को पत्र भेज दिया है।
भूस्खलन होने से गजा-तमियार-पसरखेत मोटर मार्ग बंद
नरेंद्रनगर ब्लॉक का गजा-तमियार-पसरखेत मोटर मार्ग गजा से दो किमी आगे भारी भूस्खलन से यातायात के लिए बाधित हो गया है। पहाड़ी दरकने से मलबा और पत्थर मार्ग पर जमा हो गए, जिससे लोगों को वहां से आवागमन करने में भारी दिक्कतेां का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग बंद होने से कई गांवों का ब्लॉक मुख्यालय से संपर्क कट गया।
शुक्रवार रात हुई बारिश के कारण गजा से दो किमी आगे गजा-तमियार-पसरखेत मोटर मार्ग पर भारी भूस्खलन हुआ है। क्षेत्र के रमेश रावत, प्रगतिशील जन विकास संगठन गजा के अध्यक्ष दिनेश प्रसाद उनियाल ने बताया कि मोटर मार्ग पर हो रहे चौड़ीकरण कार्य के साथ-साथ सुरक्षा दीवार न लगाए जाने और कच्ची पहाड़ी के कारण मार्ग पर भूस्खलन का खतरा बना रहता है।
उन्होंने विभाग से जल्द सड़क मार्ग खोलने की मांग की है। कहा कि डंपिंग जोन चिह्नित कर वहीं पर सड़क का मलबा डंप किया जाना जाना चाहिए। इस बाबत पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता राजवर्धन तिवारी ने बताया कि बंद चल रहे गजा-तमियार-पसरखेत मोटर मार्ग को खोलने के लिए जेसीबी लगाई गई है। मलबा ज्यादा होने के कारण दिक्कत आ रही है। रविवार तक मार्ग को खोल दिया जाएगा।
चट्टान टूटने से नंदकेशरी-ग्वालदम मार्ग बंद
थराली में शुक्रवार रात को हुई भारी बारिश के कारण नंदकेशरी-ग्वालदम मार्ग चट्टान टूटने से बंद हो गया, जिससे नंदकेशरी, देवाल और थराली को जाने वाले राशन और सब्जियों के ट्रकों के साथ ही अन्य वाहन भी यहां पर फंस गए। शनिवार सुबह लोक निर्माण विभाग ने जब सड़क खोलने के लिए जेसीबी लगाई तो फिर से चट्टान टूटने लगी और लगातार भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आने लगा। किसी तरह जेसीबी को पीछे हटाकर चालक ने जान बचाई। ऐसे में सभी वाहनों को वापस ग्वालदम और देवाल जाना पड़ा।