राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के छात्रावास में एक छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे के हुक से लटका मिला। सोमवार को छात्र का जन्मदिन था और उसी दिन अलकेश्वर घाट पर गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। रुद्रप्रयाग जिले के जलई गांव (ऊखीमठ) निवासी हिमांशु (21) पुत्र प्रेम प्रकाश आर्य मेडिकल कॉलेज में प्रथम वर्ष का छात्र था।
वह कॉलेज परिसर मेें स्थित छात्रावास में एक अन्य साथी के साथ रहता था। सोमवार को हिमांशु का जन्मदिन था। हिमांशु का साथी अन्य दोस्तों के साथ रविवार शाम को उसके लिए केक लेने चला गया। जब वह वापस आए, तो कमरा बंद मिला। काफी देर दरवाजा खटखटाने के बाद जब उसने दरवाजा नहीं खोला, तब उसके दोस्तों ने रोशनदान से झांक के देखा तो हिमांशु रस्सी के सहारे पंखे के हुक से लटका मिला।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand Election 2022: रुद्रप्रयाग में उक्रांद के प्रत्याशी मोहित डिमरी पर जानलेवा हमला, केस दर्ज
हिमांशु के पिता चीफ फार्मासिस्ट, माता शिक्षिका
हिमांशु के दोस्त दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। उन्होंने आनन-फानन में उसको उतारा और मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। हिमांशु के पिता गैरसैंण के सरकारी अस्पताल में चीफ फार्मासिस्ट और माता शिक्षिका हैं।