फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पहुंचे हरिद्वार, संतों से मुलाकात के बाद गंगा आरती में हुए शामिल

Fri, 04 Dec 2020 09:44 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मां गंगा और संत समाज के आशीर्वाद के साथ शुक्रवार को हरिद्वार से अपनी 120 दिवसीय भारत यात्रा का शुभारंभ कर दिया। उन्होंने हरकी पैड़ी पर गंगा आरती की और अखाड़ों में जाकर साधु-संतों का आशीर्वाद लिया। इस दौरान नड्डा ने कहा कि साधु-संतों के आशीर्वाद से आध्यात्मिक ताकत मिलेगी और देश को परम वैभव तक पहुंचाएंगे। साथ ही दुनिया को दिशा और दृश्य भी दिखाएंगे।

विज्ञापन


शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के हेलीकॉप्टर ने तय समय से करीब डेढ़ घंटे की देरी से 3.10 बजे हरिद्वार के भल्ला स्टेडियम में लैंडिंग की। यहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत समेत अन्य लोगों ने नड्डा की अगवानी की। नड्डा ने कहा कि पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद धर्मनगरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के लिए मां गंगा व साधु-संतों का आशीर्वाद लेने आया हूं। इसके बाद वे निरंजनी अखाड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि संत समाज के आशीर्वाद से आध्यात्मिक ताकत मिलेगी और इससे देश को परम वैभव तक पहुंचाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिशा में रात-दिन मेहनत कर रहे हैं।

इसके बाद देव संस्कृति विश्वविद्यालय, शांतिकुंज में उनका अभिनंदन हुआ। यहां नड्डा ने कहा कि उनका शांतिकुंज से पुराना नाता है। उनकी दीक्षा भी यहीं संपन्न हुई। छात्र जीवन का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी बुआ गायत्री परिवार से लंबे समय से जुड़ी हैं। जब भी उनके घर जाते हैं शांति कुंज की ओर से प्रकाशित अखंड ज्योति पत्रिका का अध्ययन करने का अवसर मिलता है।
विज्ञापन


जेपी नड्डा ने पतंजलि योग पीठ, हरिहर आश्रम, जगतगुरु आश्रम, श्री दक्षिण काली मंदिर में पहुंचकर भी साधु-संतों का आशीर्वाद लिया। नड्डा के साथ उनकी पत्नी डॉ. मल्लिका नड्डा के अलावा कार्यक्रमों में केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, शांतिकुंज प्रमुख डॉ. प्रणव पंड्या, योग गुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण समेत भाजपा नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस कार्यकर्ता ने लगाए जेपी नड्डा गो बैक के नारे

चंडी चौक और दूधाधारी चौक पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को काले झंडे दिखाने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक और जमकर धक्कामुक्की हुई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश का किसान सड़कों पर है युवा बेरोजगार हैं और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उत्तराखंड में छुट्टी मनाने आ रहे हैं।

यूथ कांग्रेस के जिला कार्यकारी अध्यक्ष रवि बहादुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या कांग्रेस कार्यकर्ता काले झंडे लेकर दूधाधारी चौक पहुंचे। कांग्रेस नेता गुरजीत लहरी की अगुवाई में हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह ही चंडी चौक के फ्लाईओवर के पास एकत्र हुए। पहले पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया।

लेकिन कार्यकर्ताओं ने बिना विरोध जताए मौके से हटने से इनकार कर दिया। पुलिस ने पहले बैरिकेड लगाकर कार्यकर्ताओं को रोका। जैसे ही पुलिस को जेपी नड्डा के आने की सूचना मिली तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जबरन गाड़ी में बिठाना शुरू कर दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की भी हुई। 

कांग्रेस नेता गुरजीत लहरी चंडीघाट चौक फ्लाईओवर पर धरने पर बैठ गए। हालांकि जब पुलिस ने कानून व्यवस्था का हवाला दिया तो वे पुलिस के साथ चलने के लिए तैयार हो गए। दूधाधारी चौक पर एकत्र कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन रोशनाबाद और चंडीघाट के कार्यकर्ताओं को चंडीघाट पुलिस चौकी में लाया गया।

युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रवि बहादुर ने कहा कि दिल्ली में किसान अपने अस्तित्व को बचान के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अतिथि देवों भव: की भावना उत्तराखंड की संस्कृति का हिस्सा है। लेकिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के पास दिल्ली में रहते हुए किसानों से बात करने का समय नहीं है। लेकिन अब वे होलीडे मनाने उत्तराखंड आ रहे हैं। 

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता तुषार कपूर और आकाश भाटी ने कहा कि कोविड गाइडलाइन की आड़ में सरकार ने हरिद्वार के व्यापारियों, टूर एंड ट्रेवल्स व्यवसायियों को भूखमरी की कगार पर धकेल दिया। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के नाम पर जनता के गाढ़ी कमाई से मिले टैक्स को बर्बाद किया जा रहा है। 

हरिद्वार कुंभ के लिए अधिक धनराशि दे केंद्र सरकार: जगद्गुरु शंकराचार्य 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जगद्गुरु आश्रम पहुंचकर शारदापीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से मुलाकात की। इस दौरान शंकराचार्य ने कहा कि हरिद्वार कुंभ मेले के लिए केंद्र सरकार को अधिक से अधिक धनराशि देनी चाहिए। आध्यात्मिक मूल्यों की रक्षा के लिए जो भी कदम जरूरी हों, उठाए जाएं। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि किसानों की समस्याओं का निराकरण शांतिपूर्ण ढंग से हो जाएगा।

शुक्रवार शाम जगद्गुरु आश्रम पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शंकराचार्य के साथ देश के सामने मौजूद अनेक समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने कोरोना वैक्सीन के संबंध में भी जानकारी दी। शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज ने उम्मीद जताई कि वैक्सीन सभी को लगाई जाएगी। भाजपा अध्यक्ष ने उन्हें विश्वास दिलाया कि सरकार सभी समस्याओं का निदान ढूंढ लेगी।

शारदापीठाधीश्वर ने कहा कि कोरोना संकट के बावजूद कुंभ का आयोजन सुचारु रूप से होना चाहिए। हरिद्वार के निवासियों को वैक्सीन देना इसलिए भी जरूरी है, क्योंकि देशभर से यात्री यहां आएंगे। सड़कों के साथ-साथ घाटों पर भी स्नान के सुचारु प्रबंध करने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है। उसकी समस्याओं और मांगों पर सार्थक कदम उठाने चाहिए। शंकराचार्य ने उम्मीद जताई कि किसान संतुष्ट होकर जल्द घर लौट जाएंगे। 

जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा को मिलेगी मजबूती : श्रीमहंत रविंद्रपुरी

पंचायती श्री निरंजनी अखाड़ा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक का मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज, महामंडलेश्वर बालकानंद गिरी समेत अन्य संतों ने शॉल ओढ़ाकर एवं मां गंगा की मूर्ति भेंटकर स्वागत किया। 

उन्होंने अखाड़ा स्थित भगवान कार्तिकेय मंदिर में पूजन कर अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरिगिरि महाराज से आशीर्वाद लिया। श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज ने कहा कि जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा को मजबूती मिलेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के साथ से अयोध्या में श्रीराम मंदिर बनाने के लिए बहुत अच्छा काम किया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता महामंडलेश्वर बालकानंद गिरि महाराज ने की।

इस अवसर पर श्रीमहंत राम रतन गिरि, महामंडलेश्वर कैलाशानंद ब्रह्मचारी, श्रीमहंत दुर्गादास, कोठारी महंत दामोदर दास, महंत जसविंदर सिंह शास्त्री, महंत विष्णु दास, दिगंबर बलवीर पुरी, महंत मनीष भारती, डोंगर गिरि, महंत रविपुरी, महंत सुखदेव गिरि, महंत नरेश गिरी, दिगंबर नीलकंठ, दिगंबर नीलकंठ गिरि, दिगंबर गंगा गिरि, दिगंबर राजेंद्र भारती मौजूद थे।
विज्ञापन

कुंभ, बेरोजगारी, कर्मकार बोर्ड पर हो नजर-ए-इनायत : हरीश

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से हरिद्वार कुंभ और पर्वतीय प्रदेशों की बेरोजगारी की समस्या के समाधान के मुद्दे को तवज्जो देने का आग्रह किया है।

रावत की शिकायत है कि हरिद्वार कुंभ को तवज्जो नहीं दी जा रही है। स्थायी काम न के बराबर हुए हैं। उज्जैन और प्रयागराज के कुंभ की तुलना में हरिद्वार कुंभ के लिए केंद्र सरकार ने पैसा भी कम दिया है। रावत ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिद्वार से ही देशभर के दौरे की शुरूआत कर रहे हैं तो हरिद्वार की सबसे बड़ी समस्या पर भी अपनी पार्टी की सरकारों को आगाह करें।

रावत ने यह भी कहा कि नड्डा उत्तराखंड और हिमाचल सहित अन्य पर्वतीय प्रदेशों की बेरोजगारी की समस्या पर भी गौर करें। रावत के मुताबिक इन प्रदेशों में पहले से ही बेरोजगारी की दर उच्च है और कोरोना की वजह से युवाओं को अब इसकी मार और अधिक सहनी पड़ रही है। 

वहीं, उन्होंने भाजपा अध्यक्ष से कर्मकार बोर्ड के मामले की पड़ताल करने को कहा है। रावत का कहना है कि कर्मकार बोर्ड से मजदूरों का हित जुड़ा हुआ है। कोरोना काल में सबसे अधिक दुर्दशा भी मजदूरों की ही हुई है। कर्मकार बोर्ड में कई करोड़ का घोटाला बताया जा रहा है तो इसकी एसआईटी जांच तो होनी ही चाहिए।

हरक पर भी पलटवार, कहा- बरगद के पेड़ पर कुल्हाड़ा नहीं चलाते
हरीश रावत ने श्रम मंत्री हरक सिंह के बरगद पेड़ से संबंधित बयान पर भी पलटवार किया। हरक सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा था कि हरीश रावत बरगद के पेड़ की तरह हैं। बरगद के पेड़ के नीचे कुछ नहीं पनपता। हरीश रावत ने कहा कि हरक सिंह को यह समझना चाहिए कि वट वृक्ष पर कुल्हाड़ा नहीं चलाया जाता। उन्होंने बरगद के पेड़ पर कुल्हाड़ा चलाया और इसी का परिणाम रहा कि कोटद्वार सहित अन्य कई विधानसभाओं में विकास सूख गया। कहा कि वट वृक्ष की शाखाओं को रोपा जाता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें