बता दें कि बीते 22 दिसंबर को भारतीय ओलंपिक संघ ने 2020 नेशनल गेम्स की मेजबानी उत्तराखंड को सौंपी थी, छत्तीसगढ़ को 2021 में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन कराना था। हालांकि राज्य सरकार ने इस साल के बजट में नेशनल गेम्स के लिए 70 करोड़ रुपये की व्यवस्था की थी।
साथ ही दावा किया जा रहा था कि तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। अब राज्य सरकार ने खुद ही 2020 में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन में हाथ खड़े कर दिए हैं। करीब एक हफ्ते पहले राज्य के मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने भारतीय ओलंपिक संघ को पत्र भेजकर राष्ट्रीय खेल टालने का अनुरोध किया था। मुख्य सचिव ने 2020 के स्थान पर 2021 में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन का आग्रह किया था, जिसे भारतीय ओलंपिक संघ ने मान लिया है।
उत्तराखंड के मुख्य सचिव ने भारतीय ओलंपिक संघ को पत्र भेजकर 2020 की मेजबानी टालने की मांग की थी। राज्य सरकार के आग्रह पर 2021 की मेजबानी उत्तराखंड को सौंपी गई है। छत्तीसगढ़ 2020 की मेजबानी करेगा।
- राजीव मेहता, महासचिव, भारतीय ओलंपिक महासंघ
गोवा में अक्टूबर में होंगे नेशनल गेम्स
गोवा में आयोजित होने वाले 2019 नेशनल गेम्स अब अक्टूबर में होंगे। मार्च-अप्रैल में राज्य में खेल होने थे, लेकिन राज्य में विधानसभा उप चुनाव, बोर्ड परीक्षाओं और लोकसभा चुनाव को देखते हुए गोवा के खेल सचिव ने भारतीय ओलंपिक संघ से खेल टालने की मांग की थी। इस पर ओलंपिक संघ ने नेशनल गेम्स को टालने की अनुमति दे दी। अब गोवा में अक्टूबर में नेशनल गेम्स का आयोजन किया जाएगा।