फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand : बरात में आए दूल्हे के ममेरे भाई को चाकू से गोदकर मार डाला, वैवाहिक स्थल से दस किमी दूर मिला शव

Fri, 18 Feb 2022 05:22 PM IST
रेनू सकलानी संवाद न्यूज एजेंसी, किच्छा

सार

घुड़चड़ी के दौरान एक व्यक्ति के बुलाने पर दूल्हे का ममेरा भाई चला गया। बरात विदा भी हो गई, लेकिन वह नहीं लौटा। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरात में आए युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। वह दूल्हे का ममेरा भाई था। उसका शव वैवाहिक स्थल से करीब दस किमी दूर बरा के पास हाइवे किनारे बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि उसे बाइक सवार युवक बुला ले गया था। हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहीं हैं।

विज्ञापन


काशीपुर के हेमपुर इस्माइल निवासी बुद्दन के पुत्र मनोज कुमार की सगाई चीनी मिल किच्छा निवासी कृपाल सिंह की बेटी के साथ एक साल पहले हुई थी। मनोज की बरात बुधवार रात किच्छा के अग्रसेन भवन पहुंची। बताया जा रहा है कि घुड़चड़ी के दौरान रात लगभग साढ़े दस बजे किसी बाइक सवार के बुलाने पर दूल्हे का ममेरा भाई अशोक पंडित (29) निवासी खतौली जिला मुजफ्फरनगर उसके साथ चला गया।

किच्छा में लड़की पक्ष के लोगों को भी फोन कर सूचना दी
सुबह तक जब अशोक नहीं आया तो परिजनों ने सोचा कि वह काशीपुर लौट गया होगा। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। बृहस्पतिवार सुबह बरात विदा हो गई। काशीपुर पहुंचने पर अशोक वहां भी नहीं मिला तो उन्होंने उसकी खोज शुरू की। किच्छा में लड़की पक्ष के लोगों को भी फोन कर इसकी सूचना दी।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें...Uttarakhand Election 2022: मदन कौशिक का फर्जी ट्वीट वायरल, इस्तीफे और हार की जिम्मेदारी लेने की कही गई बात

इधर, सुबह करीब साढ़े सात बजे बरा के निकट खून से लथपथ शव मिलने की सूचना पर सीओ ओम प्रकाश शर्मा और पुलभट्टा एसओ राजेश पांडेय मौके पर पहुंचे। शव किसी युवक का था। उसे चाकुओं से गोदा गया था। पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए। शिनाख्त न होने पर शव रुद्रपुर मोर्चरी में भेज दिया गया।

इस बीच शव मिलने की सूचना पर किच्छा से लड़की पक्ष के लोग पुलभट्टा पुलिस से मिले। पुलिस ने मृतक के फोटो दिखाए। इस पर शव अशोक का होने की आशंका के बीच काशीपुर से भी लोग रुद्रपुर पहुंच गए। उन्होंने मृतक की शिनाख्त अशोक पंडित के रूप में की। 

अपने साले को कुछ देर बाद आने का इशारा कर गया था अशोक

इधर, सीओ ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि हत्याकांड के खुलासे के लिए एसओजी समेत तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस हाइवे के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मृतक के मोबाइल का डाटा खंगालने में जुटी हैं। अशोक ने बाइक सवार के साथ जाने से पहले अपने साले विशाल को हाथ से इशारा करके कहा था कि वह कुछ देर बाद लौट आएगा।

पुलिस को जानकारी देते हुए विशाल ने बताया कि अग्रसेन भवन के मुख्य द्वार से कुछ दूरी पर घुड़चड़ी हो रही थी। तभी अचानक उसकी निगाह पड़ी तो देखा कि अशोक किसी की बाइक पर बैठ रहा है। अशोक ने विशाल को इशारा करके कहा कि वह कुछ देर बाद लौट आएगा।

विशाल ने पुलिस को यह भी बताया कि लगभग 11 बजे अशोक का फोन उसके मोबाइल पर आया था। उसने कहा कि आप लोग खाना खा लें, मैं आ जाऊंगा। इसके बाद अशोक का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। इस बात से पुलिस मान रही है कि हत्यारा अशोक का परिचित है।

दूसरी जगह हत्या कर शव हाइवे किनारे फेंका
सीओ ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि अशोक का शव बरा से लगभग डेढ़ किलोमीटर पहले हाइवे किनारे मिला। हत्यारों ने उसके सर, गले और पेट पर चाकू से कई वार किए हैं। लाश खून से पूरी तरह लथपथ मिली, लेकिन घटनास्थल पर खून ना गिरने से लग रहा है कि हत्यारों ने किसी और स्थान पर हत्या कर शव यहां फेंका है।

जिस तरह बेदर्दी से अशोक की हत्या की गई, उसे देखकर लगता है कि हत्यारों को मृतक से काफी घृणा थी। मृतक का मोबाइल गायब था। मौके से एक बैग मिला है जिसमें कुछ कपड़े व शराब की तीन बोतलें रखी थीं। अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्यारों ने पहले कहीं बैठकर अशोक के साथ शराब पी और बाद में हत्या कर शव को यहां फेंक दिया। 
विज्ञापन

दो साल दुबई में रहकर आया था अशोक

मृतक अशोक पंडित राजमिस्त्री का काम करता था। उसके पिता श्रीकृष्ण ने बताया कि वह चीनी मिल खतौली से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनके तीन पुत्र हैं। सबसे बड़ा संतोष, उससे छोटा अशोक और सबसे छोटा सुमित है। बताया कि अशोक दो साल दुबई में रहकर दो साल पहले लौटा था।

अशोक के परिवार में उसकी पत्नी शिल्पा और पांच साल का पुत्र देवांश है। अशोक खतौली में ही राजमिस्त्री का काम करता था। वह पहले कभी किच्छा नहीं आया। उसे कौन व्यक्ति बाइक पर बुलाकर ले गया यह भी समझ से परे है। बरात में वह अपने रिश्तेदारों के साथ स्कार्पियो में आया था। बरात में काशीपुर से कोई बाइक भी नही आई। ऐसे में बाइक सवार कौन था। यह बड़ा सवाल है।

डोली काशीपुर पहुंची तो मचा कोहराम
किच्छा। अशोक के फुफेरे भाई दूल्हे मनोज के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह डोली लेकर बरात जब काशीपुर पहुंची और उसके बाद अशोक का शव मिलने की खबर मिली तो परिवार के लोग बिलखने लगे। बताया कि घर से तुरंत परिवार के सभी लोग पुलभट्टा की ओर दौड़ पड़े। पुलिस ने परिजनों से मृतक के बारे में जानकारी जुटाई।

खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित कीं गईं
किच्छा। बरात में आये युवक की हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने हत्याकांड के खुलासे के लिए तीन टीमें लगाईं हैं। जिस स्थान पर बरात आई थी, वह इंटरार्क फैक्टरी के बराबर में है, जबकि जिस स्थान पर शव मिला है वह लगभग दस किलोमीटर दूर है।

पुलिस टीमें अग्रसेन भवन, इंटरार्क फैक्टरी से घटनास्थल तक के सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुटी है। मृतक के पास शराब की तीन बोतलें मिलने से अनुमान है कि हत्यारों ने हत्या से पहले अशोक को शराब पिलाई होगी। ऐसे में पुलिस टीमें आसपास के होटल, ढाबों और जूस की दुकानों के स्वामियों से पूछताछ करने में जुटी है। शायद रात को किसी ने इन लोगों को शराब पीते कहीं देखा हो।

उलझे सवाल : पुलिस की जांच की सुई बाइक सवार पर 
किच्छा। पुलिस की जांच की सुई अज्ञात बाइक सवार पर है। सवाल यह है कि क्या हत्यारे के साथ और लोग भी थे। बाइक सवार अशोक को कहां ले गया। हत्या कहां हुई। हत्यारा कहीं दूर का है तो उसने बाइक का प्रबंध कहां से किया या फिर काशीपुर से वारदात को अंजाम देने के लिए बाइक से ही आया था। पुलिस की टीमें इन सवालों की खोज में जुटी हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें