उत्तराखंड में शुक्रवार से लगातार हो रही बारिश सोमवार को भी जारी रही। राजधानी देहरादून सहित अन्य पहाड़ी इलाकों में बारिश होने से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया।
गढ़वाल के पहाड़ी इलाकों के साथ ही हरिद्वार और रुड़की में भी बारिश ने कहर बरपाया है। यहां खानपुर लक्सर मार्ग का सपर्क कटा हुआ है। लक्सर के सीमली, कोतवाली रोड और मेन बाजार में बाढ़ का पानी घुसने से लोग दहशत में हैं।
रुड़की में बारिश से दूसरे दिन भी जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को करोड़ों की नुकसान होने की खबर है। लक्सर के एक घर में ही आंगन में भरे पानी में गिरकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक का नाम हिमांशु (24) पुत्र नरेंद्र है। मृतक हाइड्रोफिया का मरीज था। यहां एक अन्य हादसे में लकड़ी चुनने के चक्कर में एक युवक कोर कालेज के पास रतमऊ नदी में बह गया। युवक बढेड़ी राजपूतान का निवासी था। रुड़की में कई गांवों में ग्रामीण बेघर हो गए हैं।
पिछले तीन दिन से मूसलाधार बारिश होने से हरिद्वार जिले में बुरा हाल है। जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई है। पानी भरने से नेशनल हाईवे बाधित हो गया है। संवेदनशील स्थिति को देखते हुए पुलिस ने रूट डायवर्ट कर दिया है। रुड़की जाने वाले बाहरी वाहन लक्सर से जा रहे हैं। हल्के वाहन गंगनहर से रुड़की की ओर निकाले जा रहे हैं।
पर्वतीय क्षेत्र में हो रही बारिश से ऋषिकेश के गंगा का जल स्तर भी लगतार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को सुबह 11 बजे गंगा का जल स्तर 339.40 मीटर तक पहुंच गया, जो खतरे के निशान से 10 सेंटी मीटर नीचे है। चंद्रभागा के जलस्तर में भी लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। उधर, रविवार रात को थमे रहने के बाद सोमवार सुबह से उत्तरकाशी में फिर बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। यमुनोत्री एवं गंगोत्री हाईवे पर जगह-जगह भूस्खलन से यातायात अवरुद्ध होने के साथ बहाली के प्रयास जारी हैं। यात्रा मार्ग पर रुक-रुक कर यातायात जारी है।
जोशीमठ स्थित नव निर्मित केंद्रीय विद्यालय भवन की दीवार लगातार बारिश के कारण धराशायी हो गई। 2015 मई में नव निर्मित भवन का उद्घाटन हुआ था। लगातार हो रही बारिश के कारण सोमवार की सुबह 4 बजे विद्यालय की दीवार गिर गई और दीवार से लगी हुई पार्किंग में स्थित अनेक गाड़िया व बाइक्स मलबे में दब गए।
यहां लगातार मलबा गिर रहा है। इसे देखते हुए तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा की लिहाज से विद्यालय आगामी दो दिन के लिए बंद कर दिया गया। वहीं चमोली जनपद में रविवार रात से बारिश थम गयी है। घाटियों में घना कोहरा छाया हुआ है। बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में अभी भी बंद पड़ा है। बीआरओ के अधिकारी सोमवार सुबह 11 बजे तक हाईवे को सुचारू करने की बात कह रहे हैं। कर्णप्रयाग में रविवार रात से बारिश न होने की सूचना है।