उत्तराखंड में सत्तारूढ़ भाजपा ने विधानसभा चुनाव से पूर्व अपने पक्ष में वातावरण बनाने के लिए संपर्क अभियान छेड़ा है, लेकिन भाजपा के असंतुष्टों से संपर्क कांग्रेस वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत कर रहे हैं। पार्टी की पद यात्रा अभियान के बहाने हरीश रावत ने बृहस्पतिवार को डोईवाला विधानसभा में भाजपा नेता के घर जाकर संपर्क साधा था। इसे भाजपा के असंतुष्टों को साधने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
डोईवाला विधानसभा से पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत विधायक हैं। हरीश रावत इस विधानसभा में पिछले कुछ दिनों से ज्यादा सक्रिय हैं और विभिन्न कार्यक्रमों के बहाने उनके वहां लगातार दौरे हो रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस की नजर भाजपा के असंतुष्टों पर लगी है। पिछले दिनों भाजपा की बैठकों में पूर्व दायित्वधारियों व जनप्रतिनिधियों की नाराजगी सामने आई थी। पार्टी में कई बड़े और छोटे नेता हैं, जो संगठन और सरकार में जिम्मेदारी न मिलने से नाराज हैं। कांग्रेस अब इन असंतुष्टों को साधने की कोशिश में जुटी है।