दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव राज्य की दशा और दिशा बदलने में निर्णायक साबित होगें। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा सीट सहित प्रदेश में 45 से अधिक सीटों को जीतकर आम आदमी पार्टी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। कहा कि उत्तराखंड को एक मॉडल राज्य के रूप में विकसित करने के लिए आप संकल्प के साथ काम करेगी।
शनिवार को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने रोड शो निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। रोड शो विधानसभा प्रभारी कार्यालय से शुरू होकर प्रमुख बाजारों होते हुए वापस कार्यालय पर समाप्त हुआ। इस दौरान मनीष सिसोदिया ने लोगों से ऋषिकेश विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी डॉ. राजे सिंह नेगी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नेगी एक स्वच्छ छवि वाले युवा नेता हैं, ऋषिकेश को आज ऐसे ही युवा नेताओं की जरूरत है।
आप प्रत्याशी डॉ. राजे सिंह नेगी ने कहा कि राज्य गठन के बाद से ही प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस की सरकारें बनती रही हैं। क्षेत्रीय दल जनता की आकांक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाए। अब जनता को विकल्प मुहैया कराने के लिए आप प्रदेश की चुनावी मैदान में आ चुकी है। इससे दोनों राष्ट्रीय दलों में खलबली मची हुई है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश में जो अभूतपूर्व सर्मथन पार्टी को मिला है उससे साफ हो गया है कि पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है।