प्रदेश के 38 लाख से अधिक युवा मतदाताओं को साधने के लिए भाजपा रणनीतिक तरीके से काम कर रही है। पार्टी ने इस अभियान पर भारतीय जनता युवा मोर्चा को उतारा है। युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चेहरे के जरिये युवाओं के बीच जाकर भाजयुमो कार्यकर्ता पार्टी का प्रचार कर रहे हैं। इस पूरे अभियान में पार्टी ने डिजिटल योद्धा अभियान शुरू किया है और अब जल्द सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में वह युवा सम्मेलनों के जरिये युवाओं को अपने पक्ष लाने की कोशिश करती दिखेगी।
ज्यादा से ज्यादा युवाओं को भाजपा के साथ जोड़ने के इस अभियान के बारे में भाजयुमो की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी कहती हैं, हम रणनीतिक तरीके से काम कर रहे हैं। पूरे प्रदेश में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, शहरों व कस्बों में चाय पर चर्चा व अन्य गतिविधियों के जरिये युवाओं से संवाद स्थापित किए जा रहे हैं। पार्टी ने हाल ही देवभूमि के डिजिटल योद्धा अभियान छेड़ा है, जिससे अब तक पांच हजार युवाओं ने अपना पंजीकरण करा दिया है। यह संख्या निरंतर बढ़ रही है।
युवाओं के मुद्दों पर भी फोकस
युवाओं को रिझाने के लिए भाजपा युवाओं के मुद्दों पर भी खास फोकस कर रही है। नेहा जोशी के मुताबिक, संवाद कार्यक्रमों के जरिये युवाओं के बीच यह संदेश देने की कोशिश हो रही है कि राज्य में अवस्थापना विकास ही आगे रोजगार की संभावनाओं के दरवाजे खोलेगा। हम युवाओं को यह बता रहे हैं कि पिछले पांच वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और प्रदेश सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड में अवस्थापना विकास पर अभूतपूर्व कार्य हुए। हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं को धरातल पर उतारे जाने से रोजगार के नए अवसर बनेंगे। बुनियादी सुविधाएं जुटने से उद्योग भी नई जगहों पर शिफ्ट होंगे। जोशी का कहना है कि युवाओं से पार्टी अपील कर रही है कि राष्ट्र व प्रदेश निर्माण के लिए भाजपा के साथ जुड़ें।
आप : युवाओं को रोजगार की गारंटी देकर लुभाने की कोशिश
आगामी चुनाव में आम आदमी पार्टी का युवाओं को साधने पर फोकस है। आप ने सत्ता में आने पर छह माह के भीतर एक लाख से ज्यादा बेरोजगारों को नौकरी देने का एलान किया है। जब तक नौकरी नहीं मिलती है तब तक प्रति माह पांच हजार रुपये भत्ता दिया जाएगा। इसके साथ ही ज्यादा से ज्यादा युवाओं को पार्टी का टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी है।
आप प्रवक्ता नवीन पिरशाली ने कहा कि पार्टी के लिए युवा एक ब्रांड एंबेसडर है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कुमाऊं दौरे पर बेरोजगारों को रोजगार की सबसे बड़ी गारंटी दी है। पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं को नौकरी दी जाएगी। जब तक नौकरी नहीं मिलेगी तब तक उन्हें पांच हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी चुनाव में अधिक से अधिक युवाओं को प्रत्याशी बना कर चुनाव में उतारेगी। जिससे प्रदेश के युवाओं की ऊर्जा का इस्तेमाल राजनीति में हो सके।