फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand Election 2022 : मतदाता सूची में दिनभर नाम तलाशते रहे कई लोग, मतदान न कर पाने से लौटे मायूस

Mon, 14 Feb 2022 08:31 PM IST
रेनू सकलानी संवाद न्यूज एजेंसी, गोपेश्वर/अगस्त्यमुनि/तिलवाड़ा/जखोली

सार

वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने से कई पोलिंग बूथों पर मतदाता परेशान रहे। कई जगह स्थिति यह रही कि एक परिवार में 17 मतदाताओं में से वोटर लिस्ट में सिर्फ एक व्यक्ति का ही नाम दर्ज मिला। जबकि ऐसे भी मतदाता थे, जिनका नाम सूची में दो बार दर्ज था। 
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कई पोलिंग बूथों पर मतदाता वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने से अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर सके। इनमें सभी ऐसे मतदाता थे जो वर्षों से मतदान करते आए हैं, लेकिन इस बार उनका नाम नहीं होने से वह मायूस लौट गए। स्थिति यह रही कि एक परिवार में 17 मतदाता हैं, लेकिन वोटर लिस्ट में सिर्फ एक व्यक्ति का ही नाम दर्ज है। जबकि ऐसे भी मतदाता थे, जिनका नाम सूची में दो बार दर्ज था। 

विज्ञापन


गोपेश्वर के दिगंबर बिष्ट ने बताया कि उनके परिवार में 17 सदस्य मतदाता हैं, लेकिन वोटर लिस्ट में सिर्फ एक व्यक्ति का ही नाम दर्ज था, जिससे परिवार के अन्य 16 लोग वोट नहीं डाल सके। विमला देवी सुबह सात बजे मतदान केंद्र पर पहुंच गई थीं, लेकिन वोटर लिस्ट में नाम ही नहीं मिला। एक घंटे तक सूची खंगालने के बाद वह मायूस लौट गई।

 

इसी तरह धनुली देवी, मनोरमा भंडारी सहित कई अन्य लोगों का नाम भी मतदाता सूची में नहीं था। पोखरी, जोशीमठ, नंदप्रयाग, पीपलकोटी, घाट, कर्णप्रयाग, गौचर, गैरसैंण, थराली, देवाल और नारायणबगड़ क्षेत्र में भी कई मतदाताओं के नाम सूची से गायब मिले। ऐसे में लोगों को मायूस होकर बैरंग लौटना पड़ा। वहीं माणा गांव के कई मतदाताओं के नाम भी सूची से गायब थे।


ये भी पढ़ें...जिम्मेदार मतदाता: उत्तरकाशी में पिता के अंतिम संस्कार से पहले दोनों बेटों ने किया मतदान 

 

माणा गांव के ग्राम प्रधान पीतांबर मोल्फा ने बताया कि कई लोगों के नाम सूची में नहीं मिले। वहीं रुद्रप्रयाग जिले में 363 पोलिंग बूथों में से कई जगहों पर लोगों के नाम सूची से गायब मिले। केदारनाथ विस में पोलिंग बूथ क्यूड़ी में 200 से अधिक मतदाताओं के नाम सूची में नहीं थे। इधर, रुद्रप्रयाग विधानसभा में तैला, कुमड़ी, कंडाली सहित अन्य पोलिंग बूथों पर भी मतदाता सूची में कई मतदाताओं का नाम गायब था।

विज्ञापन


कई मृतकों का नाम भी सूची में
नई टिहरी में भी मतदाता सूची में नाम न होने पर मतदाताओं ने कड़ी नाराजगी जताई। कहा कि निर्वाचन आयोग वोट डालने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चला रहा है, लेकिन मतदाता सूची में ही नाम दर्ज नहीं है। नई टिहरी केंद्रीय विद्यालय बूथ पर अनिल भारती, संगीता देवी, हरिमोहन, अंजू देवी समेत 20 से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से गायब थे।

 

कान्वेंट स्कूल, प्राथमिक विद्यालय प्रथम, मोलधार, लोनिवि बौराड़ी आदि बूथों पर 50 से अधिक ऐसे लोगों के नाम सूची में थे, जिनका लंबे समय पहले स्थानांतरण अन्य स्थान पर हो गया। प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के मंदार में करीब दो सौ अधिक मतदाताओं के नाम सूची में नहीं थे।

 

वोट देने पहुंची नीलम, समुंद्री, पिंकी, किशोर रावत, पवन रावत ने बताया कि नाम न होने के कारण बिना वोट दिए लौट गए। साथ ही 5 ऐसे लोगों के नाम सूची में थे, जिनकी मौत हो चुकी है। वहीं टिहरी विधानसभा क्षेत्र के चाह गडोलिया की सुनीता, अंजलि, अजीत, चौंरी के सीमा, आरती, बबीता का नाम भी मतदाता सूची में नहीं था।

विज्ञापन

जीवित व्यक्ति दिखाए मृत, मृतकों को दिखाया जीवित

गोपेश्वर/पीपलकोटी में मतदान के दिन कई अजीब घटनाएं सामने आईं। मतदाता सूची में नाम गायब होने की शिकायतें तो खूब आई, लेकिन कई जगह ऐसी भी शिकायतें आईं जहां जीवित व्यक्ति को मतदाता सूची में मृत दिखा दिया, जबकि मृत लोगों को जीवित दिखा दिया गया। 
 
देवर खडोरा के 78 वर्षीय पूर्व सरपंच नरेंद्र सिंह सुबह मतदान के लिए अपने बूथ पर आए, लेकिन वोटर लिस्ट में उनको मृत दिखाया गया। उन्होंने वोटर लिस्ट को कई बार इस उम्मीद से देखा कि शायद गलती से ऐसा हो गया होगा और दूसरी जगह पर नाम होगा, लेकिन लिस्ट में उन्हें मृत दिखा रखा था। इसी गांव के शिव सिंह को भी वोटर लिस्ट में मृत दिखाया गया।
 
जबकि इसी गांव की रोशनी देवी का एक साल पहले निधन हो गया था, लेकिन वोटर लिस्ट में उनको जीवित दिखाया गया। वहीं सुमित दरमोड़ा का नाम मतदाता सूची में दो बार दर्ज मिला। वहीं पीपलकोटी के नौरख बूथ पर अजय पंवार और रेणुका देवी को भी मृत दिखाया गया। इसी बूथ पर राम सिंह राणा की मौत हो चुकी है, लेकिन उनको जीवित दिखा गया है।

ये भी देखें...Uttarakhand Election 2022: 100 पार बुजुर्गों में दिखा उत्साह बेशुमार, लोकतंत्र के पर्व में बने भागीदार, तस्वीरे...

पीपलकोटी में 300 वोटर कम हुए
पीपलकोटी के नौरख बूथ पर इस बार बड़ी तादात में मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब मिले। पिछली नगर पंचायत चुनाव में इस बूथ पर 1168 मतदाता थे, लेकिन इस बार यहां 858 वोटर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बीच कुछ लोगों की मृत्यु हुई होगी, कुछ दूसरी जगह बस गए होंगे, लेकिन नए मतदाता भी बने होंगे। ऐसे में 300 से अधिक मतदाता कम होना समझ में नहीं आ रहा। पूरे दिन यहां लोग अपना नाम वोटर लिस्ट में तलाशते रहे, मगर नाम नहीं मिलने पर बैरंग लौट गए।

पोस्टल बैलेट से महिला के नाम हो चुका मतदान
ऊखीमठ। मतदान केंद्र उषाड़ा में 65 वर्षीय सिबी देवी मतदान के लिए पहुंचीं। पोलिंग पार्टी ने बताया कि महिला के नाम पोस्टल बैलेट से मतदान हो चुका है। जबकि महिला ने बताया कि उन्होंने पोस्टल बैलेट से वोट नहीं दिया। वहीं, ग्राम प्रधान कुंवर सिंह बजवाल ने बताया कि गांव से दो मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट से वोट दिया गया, जबकि मतदान कार्मिकों के पास मौजूद रिकार्ड में गांव से तीन पोस्टल बैलेट से वोट करना पाया गया। संवाद

बुजुर्ग को एक घंटे इंतजार के बाद लौटाया
जीआईसी पौड़ी के मतदान केंद्र में 86 वर्षीय बुजुर्ग गजपाल सिंह को एक घंटा इंतजार कराने के बाद उन्हें बिना मतदान किए लौटना पड़ा। उनका नाम मतदाता सूची में नहीं था। वहीं ग्राम पंचायत बैंग्वाड़ी के उप प्रधान अनीराज ममगाईं ने नाम मतदाता सूची में नहीं होने पर कड़ी आपत्ति जताई। साथ ही बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम भी सूची से गायब मिले। सामाजिक कार्यकर्ता मातंग मलासी ने कहा कि निर्वाचन विभाग की लापरवाही इस विधानसभा चुनाव में देखने को मिली। संवाद
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें