आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए टिहरी जिले में डोर टू डोर चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया। पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बौराड़ी, कुठ्ठा और साबली गांव पहुंचकर लोगों से टिहरी सीट से पार्टी प्रत्याशी त्रिलोक सिंह नेगी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। जन संपर्क के दौरान उन्होंने सीधे लहजे में जनता के मूलभूत मुद्दों को छुआ। कहा दिल्ली में बिजली नहीं बनती है वहां लोगों को निशुल्क बिजली मिलती है।
टिहरी में बिजली बनती है तो यहां के लोगों को निशुल्क बिजली क्यों नहीं मिल सकती है। उन्होंने कहा कि यहां के लोग विस्थापन के लिए दर-दर भटक रहे हैं। सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। भाजपा-कांग्रेस के लोगों से 21 साल का हिसाब मांगे। कुठ्ठा गांव में सिसोदिया ने जोत सिंह रावत के घर पर उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों का भी लुत्फ लिया।
बुधवार को उप मुख्यमंत्री सिसोदिया के बौराड़ी पहुंचेन पर पार्टी कायकर्ताओं ने उनका फूल मालाओं से स्वागत किया। लोनिवि मार्ग कालोनी पहुंचकर उन्होंने डोर टू डोर जन संपर्क किया। ठेली-फड वालों से बातचीत करते हुए कहा कि उत्तराखंड में आप की सरकार बनी तो उनकी भी सुध लेंगे। पानी के बिलों और अन्य बिलों में कटौती की जाएगी। इसके बाद कुठ्ठा गांव पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। गांव के शिव मंदिर में आशीर्वाद लिया।
गांव के लोगों से उन्होंने पूछा कि उनके कितने रिश्तेदार दिल्ली में रहते हैं। उनसे पता करना दिल्ली में सरकारी स्कूल और अस्पताल कैसे चलते हैं। आपका गांव टिहरी झील के निकट और रमणीक स्थान होने के बावजूद यहां के लोग बाहर नौकरी के लिए जा रहे हैं। जबकि साहसिक पर्यटन से यहां हजारों लोगों को रोजगार मिल सकता है। कॉटेज, टैंट हाउस, एडवेंचर टूरिज्म के रूप में क्षेत्र को विकसित किया जाए तो यहां पर्यटकों की लाइन लगेंगी। साथ ही रिवर्स पलायन भी होगा। गांव के बुजुर्गो से उन्होंने चुनाव में जीत का आशीर्वाद मांगा।
कुठ्ठा गांव में सिसोदिया ने जोत सिंह रावत के घर पर मंडुवे की रोटी, सरसों की सब्जी,तोर की दाल का लुत्फ भी उठाया। कहा कि मंडुवे और झंगोरे की दिल्ली समेत देश-विदेश में खूब डिमांड है। क्यों नहीं सरकार स्थानीय व्यंजनों को प्रमोट कर पाई? कहा आप को मौका दो तो उत्तराखंड की दिशा बदल जाएगी। कहा कि भाजपा-कांग्रेस के लोगों से 21 साल का हिसाब मांगो। इस मौके पर रैपाल सिंह रावत, वीरेंद्र सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह, जय सिंह, अमित रावत आदि उपस्थित रहे।
आम आदमी पार्टी के नवपरिवर्तन संवाद के दूसरे दिन राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने वर्चुअल माध्यम से उत्तराखंड की जनता से संवाद किया। उन्होंने कहा कि अब बदलाव का समय आ गया है। हम सबको एकजुट होकर आप पार्टी की सरकार बनानी है।
उन्होंने कहा कि आप पार्टी की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पार्टी को हर उस राज्य में समर्थन मिल रहा है, जहां वो चुनावी मैदान है। कहा कि यहां की महिलाएं भी फटी जींस की सोच रखने वाली बीजेपी से परेशान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रदेश के हर घर में जाकर बताएं कि आम आदमी पार्टी ही फ्री बिजली, फ्री शिक्षा, फ्री स्वास्थ्य सेवा दे सकती है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली का मोहल्ला क्लीनिक का मॉडल पूरी दुनिया के बीच चर्चित है। न्यूयॉर्क टाइम्स में उसकी खबरें छप चुकी हैं। कहा कि आज बड़ी चुनौती के दौर से हिंदुस्तान की राजनीति गुजर रही है। जाति और धर्म के नाम पर राजनीति की जा रही है। लोगों को आपस में बांटा जा रहा है लेकिन आप की राजनीति मुद्दों की है। उन्होंने कहा कि आप के सीएम उम्मीदवार कर्नल अजय कोठियाल ने देश के लिए गोली खाई है। वह सच्चे और ईमानदार हैं जो उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बनने के बाद विकास की नई इबारत लिखेंगे।
पूर्व आईएएस सुरेश भंडारी ने थाम आप का हाथ
पूर्व आईएएस अधिकारी सुरेश कुमार भंडारी ने कर्नल कोठियाल की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। उन्हें कर्नल कोठियाल ने अपने आवास पर आप पार्टी की विधिवत सदस्यता दिलाई। कर्नल कोठियाल ने बताया कि सुरेश भंडारी गोवा, दिल्ली सरकार व केंद्र सरकार में अहम पदों पर रहते हुए अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होेंने पहाड़ के बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा देने के लिए लैब की स्थापना की। सदस्यता लेने के बाद सुरेश कुमार भंडारी ने कहा कि वह आप पार्टी की नीतियों से बहुत प्रभावित हैं। दिल्ली की तरह उत्तराखंड में भी आप एक ईमानदार सरकार के तौर पर स्थापित होगी।