आम आदमी पार्टी के नेता एवं दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया चार दिवसीय दौरे पर आज उत्तराखंड पहुंचे हैं। हल्द्वानी, अल्मोड़ा, बागेश्वर, रुद्रपुर में 16 से 19 दिसंबर तक लोगों से संवाद और जनसभा करेंगे। आगामी चुनाव को लेकर आप नेताओं ने कमर कस ली है।
सिसोदिया ने कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली को एक रुपया तक नहीं देती। दिल्ली में केजरीवाल सरकार को कोई काम करना पड़ता है तो एलजी (उपराज्यपाल) के पास फाइल भेजनी पड़ती है लेकिन उत्तराखंड में तो एलजी नहीं है। राज्यपाल के पास भी फाइलें नहीं भेजनी पड़ती। यहां 25 हजार करोड़ रुपये का बजट आता है। आखिर यह पैसा कहां जाता है।
सिसोदिया ने कहा कि 21 साल पहले पैदा हुए बच्चे को अगर यहां की सरकारों ने ठीक से पढ़ा ही दिया होता तो आज 21 साल का पढ़ा लिखा नौजवान उत्तराखंड का रोजगार चमका रहा होता और उत्तराखंड को चमका रहा होता। लेकिन यहां की सरकारों ने प्रदेश के नवजवानों के साथ गद्दारी की है। अपने 11 मिनट में भाषण में मनीष सिसोदिया ने कहा कि इन सरकारों ने बिजली में धोखा दिया, रोजगार और ट्रांसपोर्ट में भी धोखा दिया। अगर दिल्ली में महिलाओं के लिए बसें सस्ती हो सकती हैं, बसें फ्री हो सकती हैं तो उत्तराखंड में क्यों नहीं हो सकती हैं।
उत्तराखंड में सिसोदिया का पांचवां दौरा
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया उत्तराखंड के चार दिवसीय दौरे पर गुरुवार को पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचे। यह उनका पांचवां दौरा है। 16 दिसंबर को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मनीष सिसोदिया ने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर सियासी तीर चलाए। कहा कि दोनों दलों ने राज्य को बर्बाद करने का काम किया है। आते समय उन्होंने लालकुआं के एक स्कूल का हाल देखा तो राज्य के विकास की तस्वीर दिख गई। कहा कि अब जनता बदलाव का मन बना चुकी है। वह गुरुवार को हल्द्वानी में रात्रि विश्राम करेंगे।
अगले दिन 17 दिसंबर को सुबह भीमताल पहुंचकर एक प्रेसवार्ता का आयोजन करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे भवाली में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसी दिन अल्मोड़ा में भी जनसभा करेंगे। रात्रि विश्राम कौसानी में करेंगे। 18 दिसंबर की सुबह प्रेसवार्ता करेंगे।।
Uttarakhand: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की दो टूक, कहा- अगर भारत की तरफ कोई आंख उठाने की कोशिश करेगा तो हम मुंह तोड़ जवाब देंगे
कौसानी से गरुड़ और बागेश्वर के लिए प्रस्थान करेंगे। 11.30 बजे बागेश्वर में जनसभा करेंगे। रात्रि विश्राम अल्मोड़ा में करेंगे। अगले दिन 19 दिसंबर को 12 बजे रुद्रपुर में व्यापारियों के साथ संवाद कार्यक्रम वापस दिल्ली के लिए रवाना होंगे। आप प्रवक्ता ने कहा कि आगामी चुनावों को लेकर पार्टी अपनी तैयारियों में पूरी तरह जुटी हुई है।
काशीपुर में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उत्तराखंड की मातृशक्ति के लिए ऐतिहासिक घोषणा की है। जिसमें सभी 18 वर्ष से ऊपर की महिलाओं को प्रत्येक महीने एक हजार रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इससे मातृशक्ति में खुशी की लहर है। मनीष सिसोदिया के उत्तराखंड दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।