प्रदेश भाजपा कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के दो बयानों से असहज बताई जा रही है। पहला बयान उन्होंने हरीश रावत के सामने नतमस्तक होने को लेकर दिया था। इस पर पार्टी में खासी प्रतिक्रिया रही। इसके बाद उन्होंने एक और बयान दिया कि वह अपने अभी तक के राजनीतिक जीवन में इस कार्यकाल में अपनी विधानसभा के लिए अधिक कार्य नहीं करा सके। इसके अलावा भाजपा विधायक पूरन फर्त्याल ने आपदा के कार्यों को लेकर अपनी सरकार पर राहत कार्यों में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया। दौरे पर आए आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. धन सिंह राव की मौजूदगी में उन्होंने खुली नाराजगी जाहिर की और दिल्ली में शिकायत करने की चेतावनी तक दे डाली। उनके इस बयान को वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। उनके इस व्यवहार को पार्टी ने बेहद गंभीरता से लिया।
फर्त्याल के बदले सुर, तेजी से हो रहे राहत कार्य
चुनाव क्षेत्र में खासे नाराज नजर आए विधायक पूरन फर्त्याल के मंगलवार को सुर एकदम बदले नजर आए। उन्होंने कहा कि हमारी बात सुनी गई। उसके बात त्वरित काम हुआ। सांसद भी गए। लोगों को चेक बांटे गए। जहां चार मशीनें थी, वहां 20 मशीनें लगी हैं। मैं मुख्यमंत्री और आपदा प्रबंधन मंत्री को धन्यवाद दूंगा कि उन्होंने मेरी बातों का संज्ञान लेते हुए प्रशासन को सख्त निर्देश दिए।