विधानसभा के चुनाव में इस बार महिलाएं ज्यादा दमदारी के साथ दावेदारी करती दिखाई दे रही हैं। भाजपा में कुछ महिलाओं ने दिग्गज नेताओं की सीट पर दावेदारी करने का साहस दिखाया है। पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी ने पांच सीटों पर महिला प्रत्याशियों को मैदान में उतारा था। इस बार महिलाएं पिछले चुनाव की तुलना में अधिक सीटों पर टिकट की उम्मीद कर रही हैं।
कांग्रेस की तरह भाजपा ने भी अभी उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। इसीलिए दोनों ही दलों में महिला दावेदार भी टिकट के लिए पूरी कोशिश में जुटी हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के मुताबिक, पार्टी महिलाओं और युवाओं को टिकटों में प्राथमिकता देगी। पिछले चुनाव में पार्टी ने केदारनाथ ने शैला रानी रावत, चकराता से मधु चौहान, यमकेश्वर ऋतु खंडूड़ी, गंगोलीहाट से मीना गंगोला, सोमेश्वर रेखा आर्या को टिकट दिया था।
बाद में थराली के विधायक स्व. मगनलाल शाह की पत्नी मुन्नी देवी और पिथौरागढ़ से विधायक स्व. प्रकाश पंत की पत्नी चंद्रा पंत विधायक बनीं। 2022 के चुनाव में भी ये सभी महिला नेत्रियां टिकट की दावेदार हैं। पार्टी के दिग्गज नेताओं की सीटों पर भी कुछ नए चेहरे दावेदारी कर रहे हैं। ऋषिकेष, कोटद्वार, मसूरी, रायपुर, रुद्रप्रयाग, राजपुर रोड, कैंट समेत कई अन्य सीटों पर भाजपा की महिला नेत्रियों ने टिकट की दावेदारी की है।
महिला मोर्चा की ओर से अधिक से अधिक महिलाओं को टिकट की पैरवी की जा रही है। मेरे पास जो आवेदन आए हैं, वो मैंने पार्टी नेतृत्व को उपलब्ध करा दिया हैं। महिलाओं ने अपने स्तर पर भी दावेदारी की है। दावेदारों के नामों पर बैठक होगी तो उसमें मजबूूती के साथ पैरवी की जाएगी।
- ऋतु खंडूड़ी, प्रदेश अध्यक्ष, महिला मोर्चा
आप में टिकट की दौड़ में महिलाएं पीछे
आम आदमी पार्टी में टिकट की दौड़ में महिलाएं पीछे हैं। अब तक पार्टी ने 42 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। इसमें तीन सीटों पर पार्टी ने महिलाओं को टिकट दिया है। ज्वालापुर, खानपुर और राजपुर रोड सीट पर महिलाओं को टिकट दिया है। उत्तराखंड में आधी आबादी महिलाओं की है। महिला वोट बैंक को साधने के लिए आप नेता व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल महिलाओं को प्रति माह एक हजार रुपये देने का एलान कर चुके हैं। लेकिन विधानसभा चुनाव में टिकटों की दौड़ में महिलाएं पीछे हैं।
आप अब तक 42 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। इसमें तीन सीटों पर महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारा है। इसमें ज्वालापुर से ममता सिंह, खानपुर से मनोरमा त्यागी, राजपुर रोड से डिंपल सिंह को पार्टी ने प्रत्याशी घोषित किया है। अभी तक 28 सीटों पर प्रत्याशी की घोषणा होनी बाकी है। महिलाओं को टिकट देने की स्थिति यही रही तो 70 सीटों में से पांच से छह सीटों पर महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में होगी। केजरीवाल ने सत्ता में आने के बाद 18 साल से अधिक आयु की महिलाओं को प्रति माह एक हजार रुपए देने की गारंटी दी है लेकिन चुनाव में महिलाओं को प्रतिनिधित्व कम है।