हरीश रावत ने कहा कि उनका किसी से व्यक्तिगत द्वेष नहीं है। यदि वह अपने घर के कुल देवता के सामने भी सार्वजनिक माफी मांगते हैं तो भी उन्हें स्वीकार है। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने कहा कि एक उजाड़ू बल्द को तो वह हमेशा बोलते थे कि वह भविष्य में मुख्यमंत्री बनेगा, लेकिन अब वह इतना उज्याड़ खा चुका है कि सब गड़बड़ हो गई है।
भाजपा के कोर ग्रुप के विधायक भी संपर्क में
हरीश रावत ने कहा भाजपा के कोर ग्रुप के विधायक भी उनके संपर्क में हैं। वह कांग्रेस में आना चाहते हैं, लेकिन वह दलबदल की राजनीति में ज्यादा विश्वास नहीं करते हैं।
क्या यशपाल आर्य ने माफी मांगी : हरक
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के माफी मांगने वाले बयान पर कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने अपने अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने सवाल दागा कि हरीश रावत जी बताएं कि क्या यशपाल आर्य ने माफी मांग ली है?
कैप्टन यदि भाजपा का मुखौटा बनना चाहते हैं तो यह सही नहीं है : हरीश रावत
उत्तराखंड के पूर्व सीएम और पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत ने कहा कि पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह को पद से इस्तीफा देना पड़ा, उनका गुस्सा कहीं तो निकलेगा ही। यदि इसके लिए वह हरीश रावत से नाराज हैं तो नम्रता से इस स्वीकार करते हैं। अपने आवास पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए हरीश रावत ने कहा कि यदि वह किसी मसले पर पार्टी से नाराज हैं तो सोनिया गांधी उनकी नेता हैं, वह उनसे अपनी बात रख सकते हैं। यदि वह भाजपा का मुखौटा बनना चाहते हैं तो यह सही नहीं है। उन्होंने खुद को इससे जोड़ते हुए कहा कि यदि कल मैं ऐसा करूं तो इसका मतलब मेरा पालन-पोषण सही नहीं हुआ है।