जोशी ने कहा कि कांग्रेस अब भूतकाल की पार्टी है। उसके नेता और विधायक भाजपा में शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस के लोग यह समझ गए हैं कि भाजपा ही वर्तमान और भविष्य है। कांग्रेस उत्तराखंड में यह भ्रम फैलाने की कोशिश रही है कि एक बार भाजपा और एक बार कांग्रेस। पूरा भरोसा है कि प्रदेश की जनता हमें फिर से बहुमत देगी। भाजपा साठ पार की घोषणा को पूरा करेगी।
अपमान करने वाली आप फौजी को दिखाकर वोट मांग रही
जोशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक झूठ फैलाने का कोशिश कर रही है। फौजी को दिखाकर वोट मांगने का कोशिश कर रही है। जबकि केजरीवाल सरकार ने फौजियों का घोर अपमान किया था। जब हमारे वीर सैनिकों ने पाकिस्तान के ऊपर सर्जिकल स्ट्राइक किया था, पाकिस्तान ने ट्वीट किया कि हम पर हमला हो गया। लेकिन केजरीवाल ने सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगा। उन्होंने आप की फ्री बिजली की घोषणा पर कहा कि यह दिल्ली वाले जानते हैं कि चुनाव के बाद चार से पांच गुना बिजली का बिल आता है।
ये छलिया है दिल्ली से आकर कहीं तंग न हो : आरपी सिंह
भाजपा के सह चुनाव प्रभारी सरदार आरपी सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी पर छलिया की मिसाल दी। उन्होंने कहा कि ये छलिया है, दिल्ली से आकर ऐसा न कर दे कि लोग तंग हों। उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में दिल्ली के मोहल्ला क्लिनिक में एक टीका नहीं लगा। आरटीआई में यह सूचना मिली है कि दिल्ली के नवीं कक्षा के हर साल एक लाख बच्चे स्कूल छोड़ देते हैं। फ्री बिजली बोल-बोलकर केजरीवाल ने दिल्ली के कई इलाकों को बिजली मुक्त कर दिया। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली त्राहि-त्राहि करती है तो केजरीवाल अमित शाह के पास जाकर गिड़गिड़ाते हैं, हमारी मदद करिए। वो मदद करते हैं। कहा कि दिल्ली में एक भी व्यक्ति को अटल आयुष्मान योजना का लाभ नहीं मिला।
मैंने कभी भी अपने चेहरे की लड़ाई नहीं लड़ी है। न मैंने कभी कोई दावेदारी की है। मेरी पार्टी ने मुझे जो भी जिम्मेदारी दी है, मैं उस पर काम कर रहा हूं। पार्टी मेरी मां है। मां अपने बच्चे को जो काम देती है, वह बच्चा जैसा भी हो, वह कोशिश करेगा कि अच्छा करे। मैं भी पार्टी का एक कार्यकर्ता हूं। मेरी पार्टी ने मुझे जो काम दिया है, उसे पूरा करुंगा।
- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
विधानसभा चुनाव से पहले दिग्गज नेताओं की एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी उत्तराखंड भाजपा के लिए सिरदर्द बनी है। शुक्रवार को भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी की उपस्थिति में तय हुआ कि पार्टी के एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी नहीं करेंगे। बैठक के बाद चुनाव प्रभारी जोशी जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तरह से एकजुट है और एकजुट रहेगी।
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, पार्टी प्रभारी दुष्यंत गौतम, चुनाव सह प्रभारी सरदार आरपी सिंह, लॉकेट चटर्जी, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत विजय बहुगुणा समेत प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री व सांसद भी उपस्थित थे। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने विस चुनाव को लेकर सुझाव दिए। प्रभारी ने सभी से आग्रह किया कि सभी का लक्ष्य विधानसभा चुनाव होना चाहिए। वरिष्ठ नेताओं की ओर से ऐसा कोई बयान नहीं आना चाहिए जो विपक्ष के लिए मुद्दा बन जाए और उससे पार्टी और कार्यकर्ताओं को असहज होना पड़े।
ज्वाइनिंग पर रहेगा जोर, कांग्रेसी निशाने पर
बैठक में विधानसभा चुनाव में पार्टी के पक्ष में वातावरण बनाने के लिए ज्यादा से ज्यादा नेताओं की ज्वाइनिंग पर जोर दिया। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस व अन्य दलों के असंतुष्ट नेताओं को पार्टी में शामिल कराने की रणनीति पर विचार हुआ। बैठक में तय हुआ कि पन्ना प्रमुखों की तैनाती जल्द से जल्द कर जाए। प्रभारी ने कहा कि चुनाव में बूथ प्रबंधन के लिए पन्ना प्रमुखों की अहम भूमिका होगी। ये जल्द बना दिए जाएं।
कोर कमेटी ने सभी 70 विधानसभाओं में सम्मेलन करने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगा दी है। पार्टी के सभी मोर्चे ये सम्मेलन करेंगे। बुद्धिजीवी सम्मेलन भी होंगे। मोर्चों की कार्यकारिणी की बैठकेंगे होंगी, जिनमें चुनाव को लेकर रणनीति बनेगी। बैठक में आशीर्वाद रैलियों के आयोजन पर भी बात हुई। पार्टी ने प्रदेश में 40 जन आशीर्वाद रैलियां करने का कार्यक्रम बनाया है। शनिवार को ऋषिकेश में रैली होगी और 20 सितंबर को हरिद्वार के भगवानपुर में रैली रखी गई है।
प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने सभी 70 विधानसभा प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपनी-अपनी विधानसभाओं में कोर ग्रुप तैयार कर लें। साथ ही उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी न किसी कारण उदासीन हो गए पार्टी के वरिष्ठ और रुठे नेताओं और कार्यकर्ताओं के घर जाएं और उन्हें साथ जोड़ने का काम करें।
हर बूथ मजबूत तो जीत होगी पक्की: जोशी
केंद्रीय मंत्री व भाजपा के चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिहाज से हमें हर बूथ को मजबूत करना जरूरी है। इसी रणनीति के जरिये पार्टी चुनाव जीतेगी और सत्ता में आएगी। उन्होंने पार्टी के 70 विधानसभाओं में तैनात किए गए विधानसभा प्रभारियों का आह्वान किया कि वे 60 पार के लक्ष्य को हासिल करने में जुट जाएं। जोशी शुक्रवार को प्रदेश पार्टी कार्यालय में विधानसभा प्रभारियों की बैठक में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि विधानसभा प्रभारी मोदी सरकार के साथ ही राज्य सरकार के विकास कार्यों को जन जन तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की बढ़ती लोकप्रियता से विपक्ष बौखला गया है। विपक्षी दल लगातार सरकार के खिलाफ नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए चुनाव प्रभारियों को कोरोना महामारी के साथ ही उन्हें विपक्ष की राजनीतिक महामारी से भी बचना है।
विस प्रभारियों के कंधों पर 60 पार का लक्ष्य का दारोमदार : सीएम
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि चुनाव प्रभारियों के कंधों पर 60 पार का लक्ष्य है। यह हमेशा से देखने को मिला है कि राजनीतिक मैनेजमेंट का उत्तरदायित्व वह बखूबी निभाएंगे।