गणतंत्र दिवस पर उत्तराखंड शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शिक्षा सचिव डॉ. भूपिंदर कौर औलख ने अल्मोड़ा के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी जगमोहन सोनी को देहरादून निदेशालय से संबद्ध कर दिया है।
शनिवार को उन्होंने इसके आदेश भी जारी कर दिए। प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी अल्मोड़ा जगमोहन सोनी पर अशासकीय विद्यालयों में नियुक्ति के नाम पर पैसे ऐंठने का आरोप लगा था। शुक्रवार शाम को शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय पिथौरागढ़ जाते वक्त अल्मोड़ा में कुछ देर के लिए रुके थे।
वहां पर अशासकीय विद्यालयों के प्रबंधकों ने जगमोहन सोनी की शिकायत की थी। कई विद्यालय प्रबंधकों ने आरोप लगाया कि नियुक्ति का विज्ञापन जारी करने के एवज में सोनी पैसों की मांग कर रहे हैं। इस पर शिक्षा मंत्री ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। शनिवार सुबह डॉ. भूपिंदर कौर औलख ने सचिवालय पहुंच कर उनको संबद्ध करने के आदेश जारी कर दिए।