आपदा के दौरान राहत और बचाव कार्यों में अब स्थानीय महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की तैयारी है। इसके लिए स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को विशेष प्रशिक्षण देकर आपदा प्रबंधन से जोड़ा जाएगा। प्रशिक्षित महिलाएं जागरूकता कार्यक्रमों के साथ बचाव दलों की मदद भी कर सकेंगी। इसके लिए प्रोत्साहन राशि देने का भी प्रस्ताव है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
शासन में आपदा सखी योजना का प्रस्ताव पहुंच गया है, जहां पर उसका परीक्षण चल रहा है। प्रस्ताव में तहसील स्तर पर आपदा सखी को क्विक रिस्पांस टीम में भी शामिल करने की योजना है। इसके अलावा प्रस्ताव में प्रशिक्षण की व्यवस्था से लेकर जागरूकता कार्यक्रम और आपदा के समय त्वरित बचाव दल की मदद करने पर प्रोत्साहन राशि देने की व्यवस्था को भी शामिल किया गया है। इस प्रस्ताव को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने आपदा सखी योजना की घोषणा की थी। इसके बाद उत्तराखंड आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने प्रस्ताव तैयार कर शासन में भेजा था, जिसका वित्त में परीक्षण चल रहा है। प्रस्ताव के तहत उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत पंजीकृत सभी स्वयं सहायता समूहों, महिला मंगल दल और अनय संगठनों से जुड़ी महिलाओं को आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में योगदान के लिए मास्टर ट्रेनर के तौर पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह प्रशिक्षण एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस विभाग आदि के माध्यम से दिया जाएगा।
प्रशिक्षण की अवधि सात दिन की होगी। आपदा सखी को तहसील स्तर पर बनने वाली क्विक रिस्पांस टीम में भी शामिल किया जा सकेगा। क्विक रिस्पांस टीम को सहयोग प्रदान करने और जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होने पर प्रोत्साहन राशि भी देेने की तैयारी है।
विज्ञापन
इसके साथ ही समूह को भी प्रशासनिक कार्याें के लिए प्रतिदिन के हिसाब से तय एक निश्चित राशि मिल सकेगी। न्यूनतम पांच महिलाओं को मास्टर ट्रेनर के तौर पर प्रशिक्षित कराने वाले स्वयं सहायता समूह को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम स्वयं सेवक के रूप में सेवाएं प्रदान के लिए पंजीकरण करा सकेंगे।
आपदा सखी के लिए मानक
आपदा सखी के लिए मानक तय किए गए हैं। इसमे आयु, शैक्षिक योग्यता आदि को तय किया गया है। इसके अलावा प्रशिक्षण के लिए संस्थान और प्रशिक्षकों के चयन के लिए भी मानक तय हुआ है। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने प्रस्ताव शासन में पहुंचने की पुष्टि की है।