हरिद्वार में डैम किडजी स्कूल प्रांगण में स्कूल प्रबंधन एवं राजलोक वेलफेयर सोसाइटी की ओर से 14 दिवसीय कोविड वैक्सीनेशन कैंप लगाया गया। इसमें 4500 व्यक्तियों को कोविड की पहली एवं दूसरी डोज लगाई गई। शहर व्यापार मंडल ज्वालापुर की ओर से कैंप में भूमिका निभाने वाले अध्यापिकाओं एवं सोसायटी के पदाधिकारियों को प्रमाणपत्र एवं गीता की पुस्तक देकर सम्मानित किया।
शहर अध्यक्ष विपिन गुप्ता एवं महामंत्री विक्की तनेजा ने कहा कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए टीका लगवाना जरूरी है। वैक्सीन के प्रति लोगों में जागरूकता के लिए अनेक सामाजिक संस्थाएं आगे आई हैं। संस्थाओं की ओर से कैंप लगाए जा रहे हैं। डैम किडजी स्कूल की ओर से राजलोक कॉलोनी सोसाइटी के पदाधिकारियों के सहयोग से 14 दिन शिविर लगाया।
व्यापार मंडल के संरक्षक राकेश मल्होत्रा ने प्रधानाध्यापिका डॉ. चित्रा शर्मा के पहल की सराहना की। डा. चित्रा शर्मा ने व्यापार मंडल पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओम पाहवा, ओम प्रकाश विरमानी, राजलोक वेलफेयर सोसायटी से बृजमोहन राणा, राजेश शुक्ला, बृज सुयाल, सत्येंद्र यादव, प्रमोद कुमार और निशाकांत शुक्ला मौजूद रहे।