इस बार कांग्रेस उत्तराखंडियत को बचाने के लिए चुनाव मैदान में उतरेगी। कांग्रेस के पास संजीवनी पहले से है, ऋषिकेश के मंथन शिविर के बाद जीत का अमृत भी मिल जाएगा। यह कहना है चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष और पूर्व सीएम हरीश रावत का। उन्होंने कहा किकांग्रेस पार्टी जल्द ही नए कलेवर में नजर आएगी। कांग्रेस बहुत बड़ा कुनबा है। अब यही कुनबा जनता के बीच जाकर राज्य में बदलाव की बयार लाएगा।
ऋषिकेश में आयोजित विचार मंथन शिविर में अमर उजाला से खास बातचीत में हरीश रावत ने कहा कि चुनाव में जाने से पहले पार्टी अपने सभी कील-कब्जे दुरुस्त कर लेना चाहती है। इसलिए वृहद स्तर पर मंथन किया जा रहा है। राज्य की भाजपा सरकार के दौरान महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसे क्षेत्रों में राज्य बहुत पिछड़ गया है। उसे पटरी पर लाना है। यह काम कांग्रेस ही कर सकती है।
भाजपा की इन्हीं नाकामियों को लेकर हम जनता के बीच जाएंगे। कहा भारतीय जनता पार्टी की बैठकों के दौरान जो विचार मंथन किया जाता है, उसमें से अकसर विष निकलता है, लेकिन कांग्रेस के मंथन से पार्टी के लिए जीत का अमृत और राज्य के विकास की रूपरेखा निकलेगी।
केदारनाथ आपदा में फेल होने पर कांग्रेस ने भी मुख्यमंत्री बदला था
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा है कि भाजपा ने दो मुख्यमंत्री बदलकर उत्तराखंड को प्रयोग की पाठशाला बनाकर रख दिया है। दो मुख्यमंत्रियों की नाकामी के बाद अब एक नौजवान को ट्रायल पर डाल दिया है। उन्हें भी कब बदल दिया जाए, पता नहीं। कांग्रेस ने भी मुख्यमंत्री बदला था, लेकिन उसकी वजह केदारनाथ आपदा में उनका फेल होना था। भाजपा में तो जिन मुख्यमंत्रियों को बदला गया है, वह आज तक नहीं समझ पाए, उन्हें बदला क्यों गया है।
इस बार नहीं चलेगा मोदी मैजिक : प्रीतम सिंह
ऋषिकेश में विचार मंथन शिविर में भाग लेने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि इस बार मोदी का कोई मैजिक काम करने वाला नहीं है। तंज करते हुए कहा कि काठ की हांडी एक बार ही चढ़ती है, बार-बार नहीं। उत्तराखंड की जनता कांग्रेस की सरकार ही बनाएगी। उत्तराखंड में कांग्रेस को इस बार प्रचंड बहुमत मिलेगा। प्रीतम ने चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लड़े जाने की बात दोहराई तो चेहरे के सवाल पर कहा- पार्टी का कोई चेहरा है तो वह सोनिया-राहुल गांधी का है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक ऑल वेदर रोड पर नेता प्रतिपक्ष ने सवाल खड़े करते हुए कहा कि ऑल वेदर रोड का काम बेहद ही दोयम दर्जे की सामग्री से हो रहा है। यही कारण है कि जगह-जगह से सड़क टूट रही है और पहाड़ों पर रहने वाली जनता का बुरा हाल है।
राज्य में भाजपा अब चंद दिनों की मेहमान: धीरेंद्र
उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप में कहा है कि कांग्रेस के तीन दिवसीय मंथन शिविर में निकला अमृत भाजपा के ताबूत में कील ठोकने का काम करेगा। ऋषिकेश में आयोजित मंथन शिविर में भाग लेने आए धीरेंद्र ने कहा कि भाजपा अब चंद दिनों की मेहमान है। जिस तरह से भाजपा ने देश के अन्नदाता किसानों का दमन किया, उत्तराखंड में राज्य निर्माण आंदोलनकारियों की सुनवाई नहीं की, राज्य में रात दिन काम करने वाले कर्मचारियों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से लेकर तमाम महिला शक्ति का अपमान किया गया, उससे आज राज्य के घर-घर में भाजपा के खिलाफ वातावरण बन गया है।