विधायक ने भी निदेशक के खिलाफ दी तहरीर
विधायक मदन बिष्ट और उनके समर्थकों ने भी निदेशक के खिलाफ प्रोटोकॉल के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए तहरीर सौंपी। विधायक ने कहा कि वह चौखुटिया भ्रमण से लौट रहे थे। इस दौरान उन्होंने इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक को मैस और वेतन भोगी कर्मचारियों के वेतन को लेकर अपने प्रतिनिधि नारायण रावत के मोबाइल से कॉल की। संपर्क नहीं होने पर अपने नंबर से कई बार उन्हें कॉल किया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। आरोप लगाया कि जब वह निदेशक के आवास पर पहुंचे तो उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। हालांकि पुलिस ने विधायक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
निदेशक की तहरीर पर विधायक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। निदेशक के खिलाफ भी तहरीर मिली है, जिसकी जांच होगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- टीआर वर्मा, सीओ, रानीखेत।
निदेशक ने प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया। मुझ पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। मैंने कर्मचारियों की परेशानी को लेकर निदेशक से वार्ता की थी लेकिन उन्होंने अभद्रता की।
- मदन सिंह बिष्ट, विधायक, द्वाराहाट।
विधायक ने मेरे आवास पर आकर मुझे धमकाया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इस घटना से मेरा परिवार डरा हुआ है। मुझे खतरा है, सुरक्षा मिलनी चाहिए।
- डॉ. केकेएस मेर, निदेशक, इंजीनियरिंग कॉलेज द्वाराहाट।