उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत चुनावी मोड में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि नये वित्त वर्ष में उनकी सरकार जनता पर नये कर का बोझ नहीं डालेगी।
उन्होंने ने बृहस्पतिवार को आगामी चुनावों के मद्देनजर टनकपुर और खटीमा में जनसंवाद किया तो हल्द्वानी सर्किट हाऊस में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार प्रदेश की जनता पर नये कर का बोझ नहीं डालेगी।
वित्त मंत्री से उन्होंने आगामी चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए बजट बनाने को कहा है ताकि नई सरकार बनने के बाद बजट को लेकर कोई समस्या न आए।
उन्होंने कहा कि आबकारी और खनन से इस बार राजस्व कम मिलने की उम्मीद है। हालांकि सरकार को अन्य मदों से पिछले वर्ष की तुलना में एक हजार करोड़ रुपये अतिरिक्त मिलेगा।
आठ मेडिकल, आठ नर्सिंग कॉलेज और खुलेंगे
टनकपुर (चंपावत) में मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि राज्य को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने में सरकार ने चार साल में कोई कसर नहीं छोड़ी है। चार साल के कार्यकाल की समीक्षा के लिए ही उन्होंने जन संवाद यात्रा शुरू की है।
मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय दोनों ने विधायक हेमेश खर्कवाल की तारीफ करते हुए कहा कि विकास के लिए लड़ने वालों में हेमेश उत्तराखंड के विधायक नंबर वन हैं। तुलसीराम चौराहे पर हुई जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि तेजी से विकास करने वाले देश के छह राज्यों में उत्तराखंड भी है।
राज्य में आठ मेडिकल और आठ नर्सिंग कॉलेज जल्द खुलेंगे। उत्तराखंड ऐसा पहला राज्य है जो किसानों को पेंशन भी दे रहा है। अप्रैल से मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा की राशि पचास हजार से बढ़ाकर डेढ़ लाख की जा रही है।
विरोध हुआ तो भीमताल में नहीं लगाएंगे फैक्ट्री
नानीसार में हो रहे विरोध से मुख्यमंत्री हरीश रावत बेहद आहत दिखे। कहा कि भीमताल में विनेगर (सिरका) फैक्ट्री बिना लोगों के सहमति के नहीं लगेगी। उन्होंने कहा कि बिना निजी पूंजी के विकास संभव नहीं है और विकास के लिए प्राइवेट सेक्टर को जमीन देनी होगी।
सरकारों ने अगर इतना विकास किया होता तो पहाड़ से पलायन नहीं होता। नानीसार के लोग अगर सामूहिक रूप से लिखकर देते हैं कि उन्हें प्रोजेक्ट मंजूर नहीं तो सरकार अपनी ओर से कोई योजना नहीं थोपेगी। नानीसार के लोग विरोध की राजनीति कर रहे चंद लोगों के बहकावे में न आएं।
उन्होंने कहा कि पौड़ी में लोगों ने सहयोग किया और विश्वविद्यालय खोलने में सफल रहे। अल्मोड़ा में निजी कंपनी के सहयोग से एक तकनीकी विश्वविद्यालय खोलने पर विचार चल रहा है मगर फैसला लोगों से पूछकर ही लिया जाएगा। लोगों ने अगर विरोध किया तो विश्वविद्यालय नहीं खोलेंगे।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय फलों एवं आलू के आधार पर भीमताल में विनेगर फैक्ट्री लगाने की योजना है। प्रशासन लोगों से बात करेगा। लोगों ने अगर विरोध किया तो सरकार जबरन फैक्ट्री नहीं लगाएंगी। रावत ने कहा कि प्रदेश के लोगों को समझना होगा कि निजी पूंजी के बिना विकास संभव नहीं है और फैक्ट्री या अन्य विकास कार्यों के लिए जमीन तो देनी ही होगी।
रावत ने पौड़ी में टूटे पुल के बारे में कहा कि पुल और सुरंग निर्माण के लिए कारपोरेशन का गठन कर दिया है। अब पुल और सुरंग निर्माण का काम कारपोरेशन करेगा।
केंद्र पर निर्भरता कम करने का किया प्रयास
हल्द्वानी में पत्रकारों से बातचीत में सीएम ने कहा कि कुंभ के लिए केंद्र सरकार से धनराशि नहीं मिली और राज्य सरकार पर पांच सौ करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार पड़ा है।
राज्य सरकार ने कुंभ के लिए शानदार व्यवस्था की है। केंद्र सरकार पर निर्भरता कम करने का प्रयास कर अपने आय के संसाधन बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में 15 घंटे बिजली नहीं आती थी और आज 22 घंटे लोगों को बिजली मिल रही है।
सरकार का प्रयास है कि उद्योगों को 24 घंटे बिजली दी जाए। प्रदेश में सड़कों की स्थिति बहुत अच्छी है। भाजपा से बेहतर काम कर सड़कों को सुधारा गया है। भाजपा के शासन में विद्यालय प्रधानाचार्य विहीन थे और अब सभी स्कूलों में प्रधानाचार्य हैं। छह माह के भीतर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पटरी पर होगी।
2017 में कांग्रेस को रोकने वाला कोई नहीं
हल्द्वानी में मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि 2017 में कांग्रेस को रोकने वाला कोई नहीं है। विपक्ष के पास न एजेंडा और न सोच। कांग्रेस की सरकार में बेहतर विकास कार्य हुए हैं। बेहतर सरकार, अच्छा एजेंडा और विकास का विजन कांग्रेस को जीत दिलाएगा। कांग्रेस की राह रोकने वाला कोई नहीं है।